गाजियाबाद। बगैर नक्शा स्वीकृत कराए अवैध रूप से दुहाई क्षेत्र में खेती की जमीन पर प्लॉट काटकर बेचे जाने के बाद बनाई गई बाउंड्रीवाल, सड़क, कमरे आदि को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए)की टीम ने जेसीबी मशीन चलाकर ध्वस्त कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश के आदेश पर मुरादनगर क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी ओएसडी संजय कुमार सिंह के निर्देशन में प्रवर्तन जोन-2 के सहायक अभियंता आरके सिंह ने अवर अभियंता और जीडीए पुलिस की मौजूदगी में यह कार्रवाई कराई।
प्रवर्तन जोन-2 के सहायक अभियंता आरके सिंह ने बताया कि ग्राम मोरटा के खसरा नंबर-700 में परशुराम यादव ने डीपीएस स्कूल दुहाई के सामने लगभग 3 बीघा जमीन पर अवैध रूप से प्लॉट काटकर बेच दिए गए। इसके अलावा वाद संख्या-43/20 में रामेश्वर व अन्य और खसरा नंबर-710 ग्राम मोरटा शाहपुर रोड दुहाई मुरादनगर में करीब 7 बीघा जमीन और वाद संख्या-114/13 में प्रदीप चौधरी ने दुहाई शाहपुर रोड दिल्ली मेरठ रोड हाइवे स्थित फार्म हाउस के पास करीब 30 बीघा जमीन और वाद संख्या-45/20 में सुनील कुमार त्यागी खसरा नंबर-190 दुहाई शाहपुर रोड स्थित लगभग 7 बीघा जमीन पर अवैध रूप से प्लॉट काटकर बेच दिए गए। इन सभी जगह पर टीम के साथ जेसीबी मशीन चलाकर मौके पर बाउंड्रीवाल, कमरे,सड़क,खंबे आदि को ध्वस्त कर दिया गया।















