व्यावसायिक संस्थानों की मनमानी पर जीडीए गंभीर

मानचित्र स्वीकृत कराए बगैर निर्माण पर होगी कार्रवाई

गाजियाबाद। मुरादनगर और मोदीनगर में बगैर मानचित्र स्वीकृत कराए संचालित शैक्षिक संस्थानों पर जीडीए ने नजरें डाली हैं। खासकर कई इंजीनियरिंग कॉलेज, डेंटल और डिग्री कॉलेज इस लिस्ट में हैं। इसके अलावा कई बैंक्वेट हॉल और बारातघर भी ऐसे हैं, जो बगैर नक्शा पास कराए संचालित हो रहे हैं। मुरादनगर और मोदी नगर में 55 से ज्यादा बैंक्वेट हॉल, मैरिज होम, बारातघर व फार्म हाउस आदि नियमों को ताक पर बनाए गए हैं। जिनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी। जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश के आदेश पर इन संस्थानों की जांच शुरू कर दी गई है। जीडीए के प्रवर्तन जोन-2 ने इन्हें नोटिस जारी कर दिए गए हैं। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी ओएसडी संजय कुमार ने बताया कि मोदीनगर एवं मुरादनगर क्षेत्र में जोन-2 के अंतर्गत 55 से ज्यादा बैंक्वेट हॉल, मैरिज होम, बारातघर और फार्म हाउस हैं। बगैर नक्शा पास कराए इनका निर्माण किया गया है। वहीं, इनमें करीब 20 बैंक्वेट हॉल व मैरिज होम ऐसे हंै, जिनका नक्शा पास किया जा सकता है। बाकी बगैर नक्शा होने के बाद इनका नक्शा स्वीकृत नहीं किया जा सकता है। ग्रीन बैल्ट, भू-उपयोग परिवर्तन आदि ऐसे मामले होने के कारण नक्शा पास करना संभव नहीं है। ऐसे में इनकी कंपाउंडिंग शुल्क वसूला जाएगा। जीडीए के ओएसडी संजय कुमार ने बताया कि इन सभी को नोटिस जारी कर दिए गए हंै। नोटिस के बाद इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इन बैंक्वेट हॉल, मैरिज होम के सड़क किनारे होने की वजह से शादी-समारोह में दिल्ली-मेरठ हाइवे पर जाम, भीड़ होने की वजह से नागरिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उधर, मुरादनगर व मोदीनगर में 25 से ज्यादा शैक्षिक संस्थान भी जीडीए के रडार पर हैं। इन संस्थानों पर कार्रवाई करने के साथ-साथ कंपाउंडिंग शुल्क की वसूली भी की जाएगी। जीडीए ने इंटीट्यूट ऑफ डेंटल साइंस एंड टेक्नोलॉजी मोदीनगर, यूनिक इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, आस्था एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट मोदीनगर, आईटीएस कॉलेज मुरादनगर, कृष्णा इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, ट्राइडेंट इंस्टीट्यूट, आधुनिक इंस्टीट्यूट, आईएमआर, आईएएमआर, एचएलएम,आरडी इंजीनियरिंग कॉलेज, आरडी फाउंडेशन कॉलेज मोदीनगर, आईपीआरटी, माउंट कार्मल स्कूल मुरादनगरको नोटिस भेजे हैं।