रंग लाई नगर निगम की मेहनत, जलभराव से निजात

गाजियाबाद। महापौर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश के क्रम में नगर निगम ने मानसून से पूर्व शहर के अधिकांश नालों की सफाई करा ली थी। सिटी, कविनगर, विजय नगर, मोहन नगर और वसुंधरा जोन शत-प्रतिशत नालों से कचरा बाहर निकाल दिया गया ताकि वर्षा के दौरान जलभराव ना हो। साथ जल की निकासी आसानी से हो सके।

प्राय: देखने में आया कि वर्षा के दौरान जिन क्षेत्रों में वर्षों से जलभराव की समस्या रहती थी, नालों की सफाई से इस समस्या का काफी हद तक निस्तारण हो गया है तथा क्षेत्रीय नागरिकों ने राहत की सांस ली है। इसके बावजूद जिन स्थानों पर कुछ जलभराव की समस्या दिखाई दी, वहां पर नगर निगम के अधिकारियों द्वारा उपस्थित होकर तकनीकी सहायता से जल निकासी का कार्य कराया गया। शहर के पांचों जोनों में जहां कुछ स्थानों पर जलभराव से निजात के लिए धन्यवाद व आभार नगर निगम को प्रकट किया गया। वहीं, जिन स्थानों पर कुछ जलभराव पाया गया, जिसके निस्तारण के लिए जोनल प्रभारी, जल प्रभारी टीम सहित सड़कों पर उपस्थित रहे। सकर मशीन, पंप इत्यादि तकनीकी सहायता से जलभराव की समस्या से क्षेत्रीय जनता को निजात दिलाया गया।

पार्षदों, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी सहित क्षेत्रीय जनता ने भी नगर निगम टीम का सहयोग किया। नगर निगम द्वारा नगरायुक्त के नेतृत्व में जिन स्थानों पर जलभराव की थोड़ी बहुत भी स्थिति थी, वहां पर अधिकारी टीम सहित उपस्थित रहे, तथा अधिकारियों के निर्देश अनुसार टीम द्वारा तकनीकी माध्यम से सड़कों से जलभराव की समस्या को समाप्त करने के लिए कार्यवाही की गई, जिसमें नालों पर लगाई गई जालियों से तत्काल कचरे को हटाकर जल बहाव के लिए रास्ता बनाया गया, कई स्थानों पर पंप लगाकर जल निकासी की गई। इसके अलावा शकर मशीन की सहायता से जल निकासी में सफलता प्राप्त की गई। वर्षा के दौरान मानवता के आधार पर भी नगर निगम द्वारा सड़कों पर किसी प्रकार की दुर्घटना होने पर भी सहयोग किया गया तथा वर्षा के दौरान नालों में किसी प्रकार की जल निकासी में रुकावट ना आए, इसका विशेष ध्यान निगम अधिकारियों ने रखा ताकि शहर का जल जल्द से जल्द नाली के माध्यम से नालों तक पहुंच सके और क्षेत्रीय जनता को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।