अंकुर विहार में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
गाजियाबाद। जीडीए ने अवैध निर्माण के खिलाफ फिर सख्त रूख अपनाया है। इसी क्रम में लोनी के अंकुर विहार में अनाधिकृत कॉलोनी में बुलडोजर चलाया गया। इसके अलावा कई दुकानों को सील कर दिया गया। जीडीए के ओएसडी संजय कुमार ने बताया कि किसी भी स्थिति में अवैध निर्माण बरदाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्र के किसी हिस्से से अवैध निर्माण से संबंधित शिकायत आती है तो निश्चित तौर से एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने नागरिकों को भी सलाह दी कि प्राइवेट स्तर पर विकसित की जाने वाली कॉलोनी आदि में भूखंड आदि खरीदने से पहले एक बार जीडीए से जानकारी जरूर करें। ओएसडी संजय कुमार ने बताया कि लोनी के अंकुर विहार में भूखंड संख्या बी-16/6 सी-120 पर अवैध तरीके से बनाई जा रही 2 दुकानों को सील कर दिया गया। इसके अलावा अनाधिकृत तरीके से विकसित कॉलोनी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इस बीच कुछ नागरिकों द्वारा विरोध का प्रयास किया गया, जिन्हें पुलिस ने खदेड़ दिया। इस दौरान सहायक अभियंता राकेश कुमार सिंह, अवर अभियंता सचिन अग्रवाल, यशोदानंद त्रिपाठी व राजेंद्र कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।
















