इंदौर की तर्ज पर गाजियाबाद बनेगा खूबसूरत

-शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए ह्यूमन मैट्रिक्स का सहारा

गाजियाबाद। दिल्ली से सटे गाजियाबाद शहर को अब इंदौर की तर्ज पर खूबसूरत बनाने की मुहिम शुरू हुई है। इसके लिए इंदौर की अनुभवी कंपनी के साथ नगर निगम ने करार किया है। इस कंपनी के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को नगर निगम में मेयर, नगरायुक्त और कुछ पार्षदों की उपस्थिति में प्रजेंटेशन भी दिया। शहर को कूड़े से मुक्ति दिलाकर कैसे संवारा जाएगा, इस बावत कंपनी ने भावी कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी दी। कंपनी ने 12 वार्डों में कूड़ा सैचुरेशन का काम शुरू कर दिया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत गाजियाबाद शहर को इंदौर की भांति स्वच्छ एवं स्मार्ट बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके चलते नगर निगम ने इंदौर की अनुभवी कंपनी ह्यूमन मैट्रिक्स संग टाईअप किया है।

कंपनी प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय सभागार में प्रजेंटेशन दिया। प्रजेंटेशन में इंदौर शहर को स्वच्छ बनाने के कार्य को दिखाया गया। कूड़ा-करकट को सडक़ों पर आने से रोकने, कचरे को अलग-अलग कर कचरा पृथक्करण आदि बिंदुओं पर चर्चा की गई। यह कंपनी फिलहाल वार्ड नंबर-96 (नेहरू नगर-अशोक नगर) वार्ड नंबर-84 (राजनगर), वार्ड नंबर-26 (विजय नगर), वार्ड नंबर-67 (संजय नगर सेक्टर-23), वार्ड नंबर-19 (पटेल नगर), वार्ड नंबर-37 (शालीमार गार्डन), वार्ड नंबर-21 (भोवापुर), वार्ड नंबर-39 (राकेश मार्ग) वार्ड नंबर-74 (वसुंधरा) और वार्ड नंबर-20 (भोपुरा) में काम की शुरुआत करने जा रही है।

नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि संबंधित कंपनी को शहर में कचरा पृथक्करण पर कार्य करने को कहा गया है। कंपनी प्रतिनिधियों ने अपनी कार्ययोजना से अवगत कराया है। मेयर आशा शर्मा के मुताबिक डेयरियों के कारण उत्पन्न समस्याओं के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया। इन समस्याओं के समाधान के लिए ह्यूमन मैट्रिक्स कंपनी काम करेगी। इस अवसर पर पार्षद अनिल स्वामी, राजेंद्र त्यागी, सुनील यादव, अजय शर्मा, राजकुमार नागर, साक्षी नारंग, सरदार सिंह भाटी, आनंद गौतम, हिमांशु लव, नरेश भाटी, विनोद कसाना, देवेंद्र भारती के अलावा अपर नगरायुक्त आर.एन. पांडे, प्रमोद कुमार, शिव पूजन यादव, अरुण कुमार यादव व उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार आदि मौजूद रहे।