गाजियाबाद। 8वीं बटालियन एनडीआरएफ परिसर कमला नेहरू नगर में रविवार को पौधरोपण अभियान चलाया गया। इसके तहत उत्तर विभिन्न प्रकार के छायादार एवं फलदार पौधे रोपित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री अतुल गर्ग रहे। उन्होंने एनडीआरएफ के कार्यों की प्रशंसा कर पौधरोपण कार्यक्रम को समय से जरूरत बताया। कमांडेंट पीके तिवारी ने बताया कि 8वीं बटालियन एनडीआरएफ हमेशा पर्यावरण संरक्षण के लिए तत्पर रहती है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तर प्रदेश वन विभाग के सहयोग से परिसर में 500 से ज्यादा फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित बनाकर पृथ्वी को सुरक्षित रख सकते हैं। साथ ही आपदाओं की संख्या में कमी ला सकते हैं। एनडीआरएफ पर्यावरण और आपदा के बीच के रिश्ते को बखूबी समझती है। प्राकृतिक आपदाओं का मुख्य स्त्रोत पर्यावरण से छेड़छाड़ है। आपदाओं के लिए सिर्फ प्रकृति को जिम्मेदार ठहराने की बजाय हमें अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। कोरोना महामारी ने ऑक्सीजन के महत्व को समझाया है। अत: देश के प्रत्येक नागरिक को ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी सुरक्षित रह सके। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (परिवार एवं स्वास्थ) अमित मोहन प्रसाद, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, सीडीओ अस्मिता लाल, डीएफओ प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर उमाकांत तिवारी आदि मौजूद रहे।
















