अवैध शराब और ओवर रेटिंग पर तत्काल होगी कार्रवाई, आबकारी विभाग ने बनाया कंट्रोल रुम

-24 घंटे मोबाइल नंबर व व्हाट्सएप नंबर 7065011003 पर सूचना मिलते ही कार्रवाई करेगी आबकारी विभाग की टीम
-झूठी शिकायत करने वालों पर भी रहेगी आबकारी विभाग की नजर

गाजियाबाद। जनपद में कहीं भी अवैध शराब की बिक्री हो रही हो या फिर परिवहन हो रहा हो, देर रात तक देशी या अंग्रेजी शराब दुकानें खुली हैं। इसके अलावा किसी भी क्षेत्र में निर्धारित समय से अधिक देर तक बार खुले हैं, तो आप इसकी शिकायत एवं सूचना आबकारी विभाग में किसी भी समय कर सकते है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह की ओर से कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। जिसके लिए मोबाइल नंबर व व्हाट्सएप नंबर 7065011003 जारी किया गया है। उक्त नंबर पर 24 घंटे में कभी भी सूचना दे सकते हैं। अवैध शराब की बिक्री, तस्करी एवं ओवर रेटिंग की शिकायत जब भी मिलती है तो आबकारी विभाग तत्काल कार्रवाई करता है। मगर अधिकांश शिकायतें झूठी भी मिलती है। अब कंट्रोल रूम में फोन पर आने वाली शिकायतों एवं सूचना का लिखित में रिकॉर्ड रखा जाएगा। साथ ही सूचना देने वाले शिकायर्ता कीं जानकारी गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही तत्काल टीम रवाना कर अवैध शराब बिक्री करने, नियमानुसार शराब की दुकान व बार खोलने एवं बंद न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कंट्रोल रुम पर मिलने वाली शिकायतों के निस्तारण के साथ-साथ अब आबकारी विभाग ऐसे लोगों पर भी अपनी नजर रखेगा, जो अपने हित के लिए आबकारी विभाग को झूठी शिकायतें करते है।

गौरतलब हो कि जब भी आबकारी विभाग के अधिकारी, इंस्पेक्टर को फोन कर अवैध शराब की बिक्री और ओवर रेटिंग की शिकायतें मिलती है, उस पर कार्रवाई की जाती है। इसके अलावा शिकायतकर्ता अपने निजी हित के लिए सोशल मीडिया पर भी आबकारी विभाग की छवि धूमिल करने का प्रयास करते है। जब आबकारी विभाग की टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंचती है तो शिकायतकर्ता या तो फोन नहीं उठाते है या फिर अपना फोन बंद कर लेते है। जिस कारण आबकारी विभाग की टीम कार्रवाई छोड़ शिकायतकर्ता की शिकायत से ही परेशानी रहती है। मगर अब शिकायतकर्ताओं की शिकायत पर आबकारी विभाग कार्रवाई तो करेगा ही, साथ झूठी शिकायत देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। शिकायतकर्ता द्वारा की गई शिकायत पर जांच होगी और शिकायत की पुष्टि होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अगर शिकायतकर्ता द्वारा की गई शिकायत झूठी पाई जाती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भी आबकारी विभाग कार्रवाई करेगा।

जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के साथ-साथ ओवर रेटिंग की शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला आबकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिसके लिए मोबाइल नंबर एवं व्हाट्सएप नंबर 7065011003 भी जारी किया गया है। इस नंबर पर फोन कर जनपद गाजियाबाद के आबकारी विभाग से संबंधित किसी भी शिकायत/अवैध मदिरा की तस्करी, परिवहन व ओवर रेटिंग से संबंधित सूचना दे सकते हैं। यह नम्बर 24*7 क्रियाशील रहेगा। उक्त मोबाइल नंबर पर दी गयी सूचना पर त्वरित कार्यवाही की जायेगी और सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। जिसके लिए एक टीम 24*7 कार्यालय पर मौजूद रहेगी। शिकायतकर्ता की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और झूठी शिकायत देने वालों को भी सबक सिखाया जाएगा।

कुछ लोग आबकारी विभाग को अवैध शराब और ओवर रेटिंग की गलत सूचना देते है। जब टीम वहां पहुंचती है तो शिकायतकर्ता वहां से भाग जाते है या फिर अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर लेते है। जिस कारण कार्रवाई करने में तो परेशानी होती है साथ ही भी आबकारी विभाग की टीम को भी कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आबकारी विभाग की टीम लगातार अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाकर शराब तस्करों के संबंधित ठिकानों पर दबिश एवं चेकिंग कर रही है। साथ ही शराब की दुकानों पर भी गोपनीय टेस्ट परचेजिंग की जा रही है।