गाजियाबाद को स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 में नंबर 1 बनाने के लिए नगर निगम ने झोंकी ताकत

-शहर की समस्याओं के निस्तारण के लिए नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ ने पार्षदों के साथ मंत्रणा की
-वार्ड संख्या 11 से 20 तक पार्षदों ने बैठक में सीवर व अवैध अतिक्रमण की मुख्य समस्या पर हुई चर्चा

गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ-साथ शहर की समस्याओं के निस्तारण को लेकर नगर आयुक्त हर दिन नए-नए प्रयास करते नजर आ रहे है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में गाजियाबाद नगर निगम नंबर-1 बने, इसके लिए अथक प्रयास किए जा रहे है। जिसका सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहा है। शहर की समस्याओं के निस्तारण और स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए कभी शहर के लोगों के बीच में जाकर उन्हें जागरूक और उनकी समस्याओं का निस्तारण करना तो कभी चौपाल लगा कर उनकी समस्याओं को सुनकर निस्तारण किया जा रहा है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में पार्षदों का भी सहयोग लिया जा रहा है। क्योंकि शहर में पार्षद का किरदार जनप्रतिनिधि के रूप में होता है और उसे अपने क्षेत्र की समस्या की पूरी जानकारी होती है। इसलिए नगर आयुक्त ने शहर की समस्याओं के निस्तारण के लिए पार्षदों के साथ बैठक का दौर शुरु कर दिया है। जिससे पार्षदों के क्षेत्र की समस्या का समय रहते निस्तारण करते हुए स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 का हिस्सा बनाया जा सकें। जिसमें वार्ड 11 से लेकर वार्ड 20 तक के पार्षद उपस्थित रहे। इससे पूर्व नगर आयुक्त वार्ड 1 से लेकर 10 के पार्षदों के साथ बैठक कर चुके है। बैठक में पार्षदों ने एक-एक कर अपने क्षेत्र की समस्या से बताई।

मंगलवार को शहर की समस्याओं के निस्तारण के लिए नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ ने वार्ड संख्या 11 से लेकर 20 तक के पार्षदों की बैठक कैंप कार्यालय पर की। जिसमें पार्षदों से उनके क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की, साथ ही स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर योजना बनाई। समस्याओं के निस्तारण के साथ-साथ योजनाबद्ध तरीके से बैठक और स्थलीय निरीक्षण भी कर रहे है। वार्ड संख्या 14 के पार्षद ओमप्रकाश ने क्षेत्र के निर्माण कार्यों को लेकर अपनी समस्या रखी। जिसमें वार्ड के अंदर छोटी-छोटी गलियों में इंटरलॉकिंग टाइल लगवाने के लिए नगर आयुक्त को अवगत कराया। वार्ड संख्या 15 पार्षद पूनम ने अपने क्षेत्र में सीवर की समस्या की समस्या बताई। वार्ड संख्या 12 पार्षद प्रवीण द्वारा अपने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था के लिए कर्मचारी बढ़ाने की मांग की और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नगर आयुक्त को अवगत कराया। अन्य पार्षदों तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा भी अपने क्षेत्र की समस्या बारी-बारी नगर आयुक्त के समक्ष रखी। जिन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्यवाही के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। पांचों जोन के पार्षद तथा पार्षद प्रतिनिधि बैठक में उपस्थित रहे। जिसमें वार्ड संख्या 11 नंद ग्राम, वार्ड संख्या 12 कालका गढ़ी, वार्ड संख्या 13 घूकना, वार्ड संख्या 14 न्यू विजय नगर, वार्ड संख्या संख्या 15 चरण सिंह कॉलोनी, वार्ड संख्या 16 मोरटा, वार्ड संख्या 17 सेवा नगर हिंडन विहार, वार्ड संख्या 18 रजापुर शास्त्री नगर, वार्ड संख्या 19 पटेल नगर मुकुंद नगर, के क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा जल आपूर्ति को लेकर चर्चा हुई। जिसमें निर्माण कार्यों को और अधिक तेजी देने के लिए भी पार्षदों द्वारा विषय रखा गया।

नगर आयुक्त ने पार्षदों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारी को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। साथ ही पार्षदों से भी नगर आयुक्त ने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपना योगदान देने के लिए अपील की। नगर आयुक्त ने कहा क्षेत्र की जो भी समस्या है, उसका प्राथमिकता के तौर पर निस्तारण किया जाएगा। मगर आप भी क्षेत्र के लोगों को सफाई अभियान में अपना सहयोग देने के लिए जागरूक करें और उन्हें सफाई के प्रति जागरूक करते हुए घर से निकलने वाले कचरे को इधर-उधर न फेंकने के लिए अभियान चलाने के लिए। फीडबैक के लिए लिंक  https://sbmurban.org/feedback भी जारी किया। जिस पर क्षेत्र के लोगों से अपना सकारात्मक फीडबैक भी दिलवाए। स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में गाजियाबाद नगर निगम को एक बार फिर से नंबर बनाना है, जिसमें आप सभी का सहयोग बहुत जरुरी है। नगर आयुक्त द्वारा उपस्थित पार्षदों से स्वच्छता सर्वेक्षण में सहयोग की अपील भी की गई। जिसके क्रम में वृक्षारोपण अभियान को भी बड़े स्तर पर अपने क्षेत्रों में कराए जाने के लिए भी अपील की।