राष्ट्रव्यापी चक्का जाम की व्यापारी एकता समिति इंदिरापुरम ने की निंदा

गाजियाबाद। व्यापारी एकता समिति इंदिरापुरम के संयोजक एवं व्यापारी एकता समिति संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कृषि कानूनों के खिलाफ विभिन्न किसान संगठनों द्वारा शनिवार को बुलाए गए राष्ट्रव्यापी चक्का जाम की निंदा की है। उन्होंने चक्का जाम के मद्देनजर व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। व्यापारी नेता का कहना है कि देश के किसानों को कड़ी मेहनत करने के बावजूद फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। इसके लिए सरकार पूरी मेहनत कर रही है, मगर कुछ अन्य संगठन अपने राजनीतिक उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए किसान आंदोलन को उचित समाधान की ओर ना ले जाकर गलत दिशा में ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। 26 जनवरी को देश की राजधानी दिल्ली में हिंसा की घटना को देखा गया था। उन्होंने कहा कि किसान संगठनों द्वारा शनिवार को बुलाए गए देशव्यापी चक्का जाम को देखकर व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उनका संगठन पुलिस-प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने को तैयार है।