नगर आयुक्त ने जाना इंदौर के नंबर वन रहने का राज

-गाजियाबाद नगर आयुक्त ने इंदौर नगर निगम का किया दौरा, साझा की योजनाएं

गाजियाबाद। नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ ने इंदौर नगर निगम पहुंचे तथा इंदौर शहर का भ्रमण करते हुए समस्त व्यवस्थाओं का जायजा लिया कि किस प्रकार इंदौर नगर निगम की कार्यप्रणाली शहर हित में रहती है।
मौके पर इंदौर नगर निगम की सभी अधिकारी उपस्थित रहे। इंदौर की नगर आयुक्त श्रीमती प्रतिभा पाल द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। साथ ही किस प्रकार स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर नगर निगम भूमिका निभाता है, विस्तृत जानकारी दी गई।

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में एसडब्ल्यूएम प्लांट, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, सोर्स सेग्रीगेशन की विस्तृत चर्चा के लिए इंदौर नगर निगम में तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें राज्य मिशन निदेशक स्वच्छ भारत मिशन उत्तर प्रदेश के अलावा कई नगर निगम के नगर आयुक्त को भी आमंत्रित किया गया। जिसमें गाजियाबाद नगर निगम से नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ भी उपस्थित रहे। उनके द्वारा इंदौर में बताया गया कि मेयर के नेतृत्व में गाजियाबाद नगर निगम अधिकारी तथा सभी पार्षद मिलकर शहर हित में बेहतर कार्य कर रहे हैं। जिसके फलस्वरूप इस बार उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद नंबर 1 बनाया है। चर्चा के दौरान गाजियाबाद की कचरा निस्तारण संबंधित सभी योजनाओं को साझा किया। उपस्थित जनों ने गाजियाबाद द्वारा उपयोग में लाई जा रही कार्यप्रणाली को सराहा।

किस प्रकार इंदौर नगर निगम प्लास्टिक का रिसाइकल व अन्य कार्य योजना पर कार्य कर रहा है। इसके अलावा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में किस प्रकार की कार्य शैली का इस्तेमाल कर रहा है। इसके बारे में भी इंदौर नगर निगम के अधिकारियों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। इंद्रजीत नगर आयुक्त नगर निगम लखनऊ, चंद्र मोहन गर्ग नगर आयुक्त नगर निगम प्रयागराज भी उपस्थित रहे।

गाजियाबाद नगर आयुक्त ने इंदौर के नंबर वन रहने का राज जाना। नगर आयुक्त ने बताया उत्तर प्रदेश में स्वच्छता के मामले में गाजियाबाद शहर को पहला स्थान मिला है, जबकि पूरे भारत में गाजियाबाद 12वें स्थान पर है। गाजियाबाद की रैंकिंग उत्तर प्रदेश के किसी भी शहर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। पूरे देश में मध्य प्रदेश का शहर इंदौर पहले नंबर पर रहा। देश के टॉप-13 स्वच्छ शहरों की सूची गाजियाबाद उत्तर प्रदेश का एकमात्र शहर है। मगर इस बार गाजियाबाद को देश में नंबर 1 बनाने पर काम किया जाएगा। इंदौर की तर्ज पर प्लास्टिक का रिसाइकल व अन्य कार्यों पर काम किया जाएगा।