-कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर, लोगों की लापरवाही से बढा रहा संक्रमण
-शहर में सेनेटाइजेशन, फांगिग की प्रक्रिया शुरू
गाजियाबाद। बाजारों में भीड़ है। न दो गज की दूरी का ध्यान रखा जा रहा है और न मास्क का उपयोग सभी लोग कर रहे हैैं। सैनिटाइजर का उपयोग भी कम नजर आ रहा है। जबकि, जिले में भी संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके बाद भी हम जरा भी सचेत नहीं और न चिंतित। यदि होते तो लगातार केस नहीं बढ़ते। कोरोना के नए स्ट्रेन की चेन बनने लगी है।
कोरोना संक्रमण की दुसरी लहर से बचाने के लिए एक बार फिर नगर निगम मैदान में उतर गया है। पिछले साल की तरह इस बार भी नगर निगम फ्रंट लाइन की भूमिका में नजर आ रहा है। रात को बाजार बंद होने के बाद पूरा शहर सैनिटाइज कराने का बड़ा प्लान तैयार किया गया है। नगर निगम की टीमें पूरे शहर को सैनिटाइज करने उतर गईं हैं। रात को कर्फ्यू लगने पर नगर निगम की टीमें सड़क, बाजार को सेनेटाइज, फांगिग करती पर नजर आएगी। गाजियाबाद नगर निगम की टीम मेयर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के दिशा-निर्देश अनुसार कार्य में जुटी दिखाई दे रही है। 
सोमवार को नगर निगम सभागार में नगरायुक्त महेंन्द्र सिंह तंवर के निर्देश में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश द्वारा शहर में सैनिटाइजर का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जिसके क्रम में 20 लीटर क्षमता वाले प्रत्येक वार्ड में सैनिटाइजर मशीन जिसके द्वारा संकीर्ण गलियों में सैनिटाइजेशन का कार्य शुरू किया गया है। 100 हाई पावर स्प्रे मशीन द्वारा क्षेत्र की अन्य गलियों में सैनिटाइजेशन का कार्य किया जाएगा। 5 वाटर स्प्रिंकल द्वारा 8 हजार लीटर की क्षमता वाली मशीन शहर के मुख्य मार्गों में सैनिटाइजेशन का कार्य करेगी।
5 सीवर गेटिंग मशीन 5 हजार लीटर की क्षमता तथा 8 हजार लीटर की एंटी स्मोक गन के माध्यम से सैनिटाइजेशन का कार्य शहर में कराया जा रहा है। नगर आयुक्त महेंन्द्र सिंह तंवर ने कहा कोरोना के मामले जिले में तेजी बढ़ रहे हैं। सभी से अपील है कि कोरोना प्राटोकाल का पालन करें। मास्क का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। बेवजह घरों से न निकलें। शारीरिक दूरी का पालन करें। सभी पात्र टीका जरूर लगवाएं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथलेश कुमार ने बताया कि क्षेत्रवासियों को सैनिटाइजेशन के साथ-साथ शहर की जनता को कोविड-19 से बचाव हेतु 99 पब्लिक अनाउंसमेंट की व्यवस्था की गई है, जिसमें माइक सिस्टम को शहर के मुख्य चौराहों व व्यस्त मार्गों पर लगाया गया है ताकि प्रत्येक क्षण जनता को कोविड-19 के बचाव के लिए जागरूक किया जा सके।
शिकायतों के आधार पर प्रत्येक जोन में सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है तथा नसरतपुरा, लोहिया नगर, शालीमार गार्डन एक्सटेंशन वन, लाजपत नगर, मिर्जापुर, क्रॉसिंग प्रताप विहार, कलेक्ट्रेट, विकास भवन, राजनगर, शास्त्री नगर, कविनगर व अन्य स्थानों पर सैनिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार कोविड-19 से जनमानस प्रभावित न हो। सैनिटाइजेशन के कार्य के लिए जन सामान्य की सुविधा के दृष्टिगत कोविड-19 हेल्प डेस्क 18001803012 तथा 0120-2800750 जारी किया गया है। इसके अलावा नगरायुक्त द्वारा कोविड-19 जंग में जुटे स्वास्थ्य प्रहरियों को भी अपना ध्यान रखकर कार्य करने के लिए कहा गया है। शहर में प्रत्येक निवासी को कोविड-19 वैक्सीन के बारे में जागरूक कराने तथा वैक्सीन लगवाने के लिए जनप्रतिनिधियों, पार्षदों का भी विशेष सहयोग नगर निगम टीम को मिल रहा है। इस दौरान अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, एसबीएम के नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, वसुंधरा जोनल प्रभारी सुनील राय, प्रदीप चौहान आदि मौजूद रहे।















