राका पार्क को खूबसूरत बनाएगा नगर निगम

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा शहर में निरंतर कूड़ाघर विलोपन का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को मेयर आशा शर्मा और म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के नेतृत्व में अम्बेडकर रोड स्थित राका पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। राका पार्क अम्बेडकर रोड पर है। जहां पर शहर का मुख्य बाजार तुराबनगर, रामनगर, गांधी नगर व किराना मंडी आदि भी है। इन बाजारों के पास अच्छा पार्क नहीं है, जिसमे बाजार में आने-जाने वाले नागरिकों के बैठने के लिए भी कोई पार्क नहीं है। इसलिए यह पार्क उन ग्राहकों के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण होगा। पार्क को हरा-भरा किया जाएगा। झरना, वॉल पेंटिंग एवं लाइट लगाई जाएगी, जिसकी लागत लगभग 15 लाख रुपए होगी। पूर्व में यहां काफी कूड़ा-कचरा फेंका जाता था, जिससे आस-पास के व्यापारी और आगंतुकों को परेशानी हो रही थी। शिकायतों के संज्ञान के आधार पर म्युनिसिपल कमिश्नर द्वारा योजनाबद्ध तरीके से मैप के अनुसार राका पार्क के सौंदर्यीकरण की संरचना की गई। मेयर आशा शर्मा व उपस्थित नागरिकों को म्युनिसिपल कमिश्नर ने राका पार्क की संरचना से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि 45 दिनों में कार्य पूर्ण करा दिया जाएगा। कार्यक्रम में मनीष पंडित, नगर निगम के उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज, एसबीएम नोडल प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा आदि उपस्थित रहे।