नगर निगम की गौशाला बनेगा स्वाबलंबी

-गौशाला के गोबर का श्मशान घाट पर होगा प्रयोग

-गौशाला में बनेंगे हर्बल उत्पाद, घरेलू उपयोग में आएंगे काम

गाजियाबाद। नगर निगम ने नंदी पार्क गौशाला को स्वाबलंबी बनाने की दिशा में कदम बढा दिया है। गौशाला में गौवंशों के गोबर से हर्बल एवं घरेलू उपयोग में काम आने वाली वस्तुओं का निर्माण शुरू हो गया है। इन उत्पादों का व्यवसायिक इस्तेमाल कर गौशाला की आमदनी बढाई जाएगी। बुधवार को नंदी पार्क में गोबर से निर्मित सामान की प्रदर्शनी आयोजित की गई। इस दौरान गोबर की दीप, घड़ी, लकड़ी, खाद, गमले व अन्य सामग्री को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में मेयर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा गोवंश का तिलक कर व माल्यार्पण कर उन्हें गुड़ खिलाया गया। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुज सिंह ने बताया की गाय के गोबर से बने उत्पाद को जैसे वर्मीकंपोस्ट, कल्चर कंपोस्ट, घनजीवामृत इसके अलावा जीवामृत, गौमय लकड़ी, गौमय दीपक, गौमय गमले, गणेश लक्ष्मी एवं कंपोस्ट विन्स लकड़ी खाद इत्यादि को बाजार में बेचकर उससे प्राप्त आय को नंदी गौशाला पर होने वाले व्यय में सहयोग मिलेगा। गोबर से तेयार लकडिय़ों का प्रयोग मोक्ष स्थल श्मशान घाट पर भी किए जाने की योजना में भी पूर्ण प्रयास किया जा रहा है। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा नंदी पार्क में खाद बनाने की प्रक्रिया का भी जायजा लिया गया, जिसमें कीड़ों से खाद को बनाया जा रहा है, जो कि फसलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। मेयर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंन्द्र सिंह तंवर द्वारा होलिका दहन करने से पूर्व सड़क पर एक बेस बनाने के लिए अपील की गई, जिससे सडक़ खराब न हो। साथ ही जल संरक्षण की भी अपील जनता से की गई। गाय के गोबर से बनाई जाने वाली सामग्री में गाजियाबाद नगर निगम का आलोक मिश्रा कामधेनु अवतरण अभियान शाहजहांपुर द्वारा विशेष सहयोग किया जा रहा है।