कानून व्यवस्था में लापरवाही नही होगी बर्दाश्त: अमित पाठक

-अपराध व अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ पीड़ित की करें मदद

गाजियाबाद। डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक ने रविवार की सुबह लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में जिले के सभी उपनिरीक्षकों के साथ बैठक की। बैठक में डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक ने एक नेक पहल की है। जिले के पुलिसकर्मियों को पुलिस कप्तान ने एक ऐसा फरमान जारी किया है, जिससे सिर्फ गरीबों को ही राहत नहीं मिलेगी, बल्कि पुलिस की रूखे व्यवहार से समाज में लगातार धुमिल हो रही पुलिस की छवि भी सुधरेगी। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया है कि अपराध व अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ ही वे गरीब व असहाय लोगों की मदद को आगे आएं।

उनकी पीड़ा को समझें और उनकी मदद करें। इस दौरान वह कई उपनिरीक्षकोंं से नाराज भी दिखे। उन्होंने सीधे-सीधे चेतावनी दी कि वह जल्द नहीं सुधरे और अपराध पर लगाम नहीं लगाई तो उन्हें सजा देंगे। उन्होंने पैंडिग विवेचनाओं और शहर में हो रही लूटपाट को लेकर कई थाना प्रभारियों से नाराजगी व्यक्त की। डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक ने कहा यदि किसी के भी क्षेत्र में नशीला पदार्थ बिका तो वह खुद जिम्मेदार होंगे। इसके अलावा जिसके क्षेत्र में सट्टा हो रहा है, उसे तत्काल बंद करा दिया जाए। यदि बंद नहीं किया तो वह अपनी लाइन में आमद करा सकता है। जिन क्षेत्रों में खनन के क्रेशर चल रहे हैं उन्हें निर्देश दिए गए कि खनन नंबर एक कागजों पर ही चले। यदि कोई ओवरलोड भरकर ले जाता है तो उसकी गाड़ी को सीज कर दिया जाए। जेल भेज गए अपराध जमानत पर जेल से बाहर आए हैं या नहीं? अगर, जमानत पर बाहर आए हैं तो घर पर रह रहे हैं या फिर कहीं और? इसका सत्यापन किया जाए। पुलिस इन अपराधियों के घर-घर जाकर अब दस्तक देगी। इससे पता चल सके कि वे फिर से तो अपराध में संलिप्त नहीं हो रहे। वहीं एसएसपी ने कहा है कि जांच में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। यह भी कहा कि पुलिसकर्मी आम जनता से किए जाने वाले व्यवहार में तत्काल बदलाव लाएं और उनकी समस्याओं को सुन थाने पर ही उसका निस्तारण सुनिश्चित करें। यह बात दीगर है कि जिले में ऐसा पहली बार हो रहा है कि एसएसपी खुद सिपाही से लेकर चौकी इंचार्ज, दारोगा, महिला दारोगाओं से सीधे संवाद कर रहे हो। कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के साथ ही अपराधियों की कमर तोडऩे के लिए यह अच्छी पहल मानी जा सकती हैं। बैठक में एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल, एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा आदि अधिकारी मौजूद रहें।