शहर भ्रमण की तर्ज पर आंतरिक विभागों का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, कर्मचारियों में हड़कंप

गाजियाबाद। नगर निगम की कार्य व्यवस्था को दुरुस्त करने और शहर के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और विकास कार्यों को रफ्तार देने के लिए नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ का औचक निरीक्षण करने का दौर लगातार जारी है। जिस तरह नगर आयुक्त आंतरिक विभागों में भी औचक निरीक्षण कर रहे हैं, उनके निरीक्षण से नगर निगम के कार्यों में भी सुधार होता नजर आ रहा है। शुक्रवार को नगर आयुक्त ने जनसुनवाई से पूर्व संपत्ति विभाग में जाकर कार्य का जायजा लिया।

संपत्ति विभाग में अचानक पहुंचकर वहां उपस्थित संपत्ति अधीक्षक भोलेनाथ गौतम तथा अन्य कर्मचारियों से संपत्ति तथा अतिक्रमण संबंधित कार्यों का जायजा लिया। जिसमें उनके द्वारा शहर में अवैध पक्के अतिक्रमण को लेकर भी चर्चा की, विभाग में पहुंचकर संपत्ति के रजिस्टर भी जांचे गए, संपत्ति अधीक्षक भोलेनाथ गौतम तथा उपस्थित टीम को पक्के अवैध अतिक्रमण संबंधित रिपोर्ट भी मांगी गई तथा कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही ना हो सचेत किया।

प्रतिदिन होने वाली कार्यवाही को भी प्रस्तुत करने के लिए नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए। नगर आयुक्त का औचक निरीक्षण ना केवल फील्ड में रहने वाले निगम टीम के लिए चर्चा का विषय है। बल्कि निगम के आंतरिक विभागों में भी बैठे हुए कर्मचारियों बाबू के लिए भी चर्चा का विषय बना हुआ है। जिसके चलते शहर हित में होने वाली कार्यवाही प्रभावित होती दिखाई दे रही है। मौके पर भी सभी अधिकारी वह संबंधित कर्मचारी समय से अपने कार्य को करते दिखाई दे रहे हैं तथा निगम में उपस्थित बाबू व अन्य कर्मचारी भी बेहतर कार्य शहर हित में कर रहे है।