आईएमए के पहले कार्य दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन

-अनजान से खून का रिश्ता भी जोड़ता है रक्तदान: डॉ संदीप वाष्र्णेय

गाजियाबाद। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) गाजियाबाद की नई टीम ने शनिवार को कार्यभार संभालते ही पहले कार्य दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया। सुबह बजे लाइफ लाइन ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का अध्यक्ष डॉ संदीप वाष्र्णेय ने फीता काटकर शुभारंभ किया। 25 डॉक्टर एवं वॉलिंटियर्स ने रक्तदान किया और रक्तदान करके समाज में डॉक्टर्स की तरफ से जागरूकता का संदेश दिया।

9 बजे से गाजियाबाद ब्लड बैंक मालीवाडा चौक पर उद्घाटन के बाद डॉ सार्थक केसरवानी के दिशा निर्देश में शिविर प्रारंभ हुआ एवं 22 लोगो ने रक्तदान किया। संतोष अस्पताल मे डॉक्टर शलभ गुप्ता के निर्देशन में रक्तदान शिविर की शुरुआत हुई एवं 66 लोगों ने रक्तदान किया। रक्त दाताओं को सर्टिफिकेट भी दिए गए एवं फलहार की व्यवस्था भी की गई थी। अध्यक्ष डॉ संदीप वाष्र्णेय ने बताया कि आईएमए गाजियाबाद हमेशा ही समाज की मदद के लिए आगे रहता है जब भी समाज को आईएमए गाजियाबाद की जरूरत होती है चाहे वह रक्तदान के रूप में या किसी भी सामाजिक कार्य के रूप में, हमेशा आईएमए मदद के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा दान तो बहुत होते हैं, लेकिन जीवन दान से बढ़ा कुछ नहीं होता है। रक्तदान ही ऐसा दान है जोकि किसी की जान बचाता है और अनजान से खून का रिश्ता भी जोड़ता। शरीर 24 घंटे में ही दान किए गए रक्त की पूर्ति कर लेता है लेकिन कई बीमारियां तो हमेशा के लिए दूर हो जाती हैं।

डॉ भावुक मित्तल ने कहा मानव जीवन की रक्षा के लिए हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है कि उन लोगों की मदद करें, जिन्हें रक्त की आवश्यकता है। रक्तदान करने से आपके शरीर में नया रक्त बनने की प्रक्रिया तेज हो जाती है। शोध से पता चलता है कि रक्तदान करने से रक्तदाता के शरीर में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा नियंत्रित होती है और ह्रदय रोग की संभावना कम हो जाती है। कोरोना महामारी में ब्लड की कमी आई है, क्योंकि रक्तदान पर महामारी का सीधा असर पड़ा है। अभी ब्लड बैंकों में रक्त की कमी चल रही है। इस कमी को पूरा करने के लिए युवा आगे आएं, जिससे जरूरतमंद मरीजों को मुश्किल का सामना नहीं करना पड़े। इस मौके पर डॉ ज्ञानेंद्र मित्तल, डॉ राजीव गोयल, डा वानी पुरी रावत, डॉ नेहा पोद्दार, डॉ प्रीति त्यागी, डॉ वीके बत्रा, डॉ सीमा वार्ष्णेय, डॉ एचएल शर्मा, डॉ संतोष अग्रवाल भी उपस्थित रहे।