-चुनावी माहौल में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील
गाजियाबाद। विधानसभा चुनाव का शंखनाद होने के बाद आगामी 10 फरवरी को पहले चरण में जनपद में होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को पुलिस विभाग की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ), पुलिस के आला अधिकारी और पुलिस थाना पुलिस को सड़कों पर देखकर लोग अचंभित रह गए। अफसरों ने लोगों से चुनावी माहौल में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। स्पष्ट कहा कि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए फोर्स तैयार है।
एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बताया कि एक कंपनी बीएसएफ के करीब 90 जवानों एवं सीओ,थाना प्रभारियों के साथ लोनी कस्बा, खन्नानगर, गांव चिरौड़ी, गनौली समेत अन्य गांवों में फ्लैग मार्च किया गया। यहां पर लोगोंं को शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने और असामाजिक तत्वों द्वारा चुनाव में डराने एवं धमकाने की तत्काल सूचना देने के लिए लोगों को जागरूक किया गया। फ्लैग मार्च करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।इसके अलावा मोदीनगर क्षेत्र में सीओ सुनील कुमार सिंह, मोदीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अनीता चौहान, भोजपुर थाना प्रभारी मुन्नेश सिंह समेत बीएसएफ की एक कंपनी के जवानों के साथ मोदी नगर कस्बे में फ्लैैग मार्च किया गया। मोदीनगर में दिल्ली-मेरठ हाइवे रोड के अलावा भोजपुर, फरीदनगर, गांव कलछीना, निवाड़ी आदि क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया गया।फ्लैग मार्च करते हुए शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से लोगों को मतदान करने की अपील की गई। जिले की सभी पांचों विधानसभा सीटों पर आगामी 10 फरवरी को होने वाले मतदान के मद्देनजर बीएसएफ की कंपनियों द्वारा लगातार क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया जा रहा हैं।ताकि शांति व्यवस्था कायम रखते हुए मतदान संपन्न कराया जा सके।















