तालाब बनेंगे पिकनिक स्पॉट, जल संरक्षण को लेकर नगर निगम की कार्रवाई तेज

शुक्रवार को नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने 5 तालाबों का किया निरीक्षण

गाजियाबाद। शहर में जल संरक्षण की दिशा में नगर निगम ने प्रयास तेज कर दिए हैं। जल संरक्षण को बढ़ावा देने के मकसद से उपेक्षित तालाबों की सूरत बदलने पर ध्यान दिया गया है। तालाबों को जल्द पिकनिक स्पॉट के तौर पर विकसित किया जाएगा। इसके मद्देनजर नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार को 5 तालाबों का निरीक्षण किया। प्रत्येक तालाब की मौजूदा स्थिति को देखा गया। वहां भविष्य में सुधार लाने के उपायों पर मातहतों के साथ विचार-विमर्श किया गया।

यह तालाब निकट भविष्य में बदले लुक में दिखाई देंगे। पिकनिक स्पॉट के तौर पर इन स्थलों की अपनी अलग पहचान बन जाएगी। नागरिकों को सैपर-सपाटे के लिए बेहतर स्थल मिल सकेंगे। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार को ग्राम सदरपुर, मसूरी और रमते राम रोड स्थित पक्का तालाब आदि का निरीक्षण किया। इन तालाबों को भविष्य में पिकनिक स्पॉट के तौर पर विकसित करने पर विचार-विमर्श किया गया। नगरायुक्त तंवर का कहना है कि शहर में जल संरक्षण के लिए प्रत्येक जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी दिशा में तालाबों के जीर्णोद्धार पर ध्यान दिया गया है।

जो तालाब काफी समय से उपेक्षित हैं, उनकी सूरत को बदला जा रहा है। फिलहाल 5 तालाबों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि जल्द प्लानिंग कर वहां कार्य शुरू कराया जाएगा। उधर, गाजियाबाद शहर को पॉन्ड सिटी बनाने के लिए नगर निगम पिछले कुछ समय से प्रयासरत है। शहर के समुचित विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर नगर निगम ने जो काम शुरू किया था, उसका असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। नए तालाबों का निर्माण और पुराने तालाबों के जीर्णोद्धार को नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने प्राथमिकता में शामिल किया था।

mahendra singh tanwar
शहर में तालाबों को पिकनिक स्पॉट के तौर पर विकसित करने की कवायद चल रही है। इसी के तहत 5 तालाबों का जायजा लिया गया है। नगर निगम ऐसी प्लानिंग पर काम कर रहा है ताकि संबंधित स्थल पर भविष्य में कोई अवैध निर्माण न हो सके। तालाबों का अस्तित्व भी कायम रहे। तालाबों के सौंदर्यीकरण पर ध्यान दिया जा रहा है।

महेंद्र सिंह तंवर
नगरायुक्त
गाजियाबाद नगर निगम