दवा व्यापारियों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता से होगा निदान: राजदेव त्यागी
गाजियाबाद। राजदेव त्यागी निरंतर तीसरी बार गाजियाबाद केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने गए हैं। संस्था की नई कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन हो गया है। रविवार को संस्था कार्यालय राधे श्याम पैलेस, नई बस्ती पर चुनाव के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोपीचंद प्रधान ने व संचालन पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित महानगर महामंत्री अशोक चावला ने किया। बैठक में नई कार्यकारिणी के निर्वाचन के विषय पर विचार-विमर्श कर दायित्व पर्यवेक्षक अशोक चावला को सौंपा गया।
उनके द्वारा उपस्थित दवा व्यापारियों से विचारोपरांत सर्व-सहमति से नई कार्यकारिणी के निर्विरोध निर्वाचित करने का आग्रह उपस्थित सभी दवा व्यापारियों ने किया। इसके बाद अध्यक्ष राजदेव त्यागी, महामंत्री आर. पचोरी, कोषाध्यक्ष अश्वनी कुमार गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप गर्ग, वरिष्ठ मंत्री अमित बंसल, संगठन मंत्री आलोक त्यागी, साजिद खान, संजीव शर्मा, मंत्री तुषार अरोड़ा, पंकज गर्ग, शैलेश सैनी, उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता, मनीष गर्ग, संजीव शर्मा को चुना गया। पर्यवेक्षक अशोक चावला ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की। अध्यक्ष राजदेव त्यागी ने कहा दवा व्यापारियों का उत्पीडऩ बर्दास्त नही किया जाएगा। व्यापारियों के साथ केमिस्ट एसोसिएशन कंधे से कंधा मिलाकर साथ चलेगी और दवा व्यापारियों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निदान करने का प्रयास किया जाएगा। महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोपीचंद प्रधान ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई संदेश दिया।















