-रिश्तों को मजबूती देने वाला पर्व है श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव: प्रीत पाल खोसला
गाजियाबाद। जिले में श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। श्री गणपति बप्पा के जयकारे गूंज रहे हैं। हर वर्ष श्री गणेश चतुर्थी मनाने का रुझान जिले में बढ़ता जा रहा है। सारा माहौल श्री गणपति महाराज के रंग में रंग गया। देर रात्रि तक श्रद्धालुजन भजनों पर थिरकते रहे। श्री बालाजी परिवार नसरत पुरा में आयोजित श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव 2021 में बुधवार को महाराणा प्रताप सेना के प्रदेश अध्यक्ष प्रीत पाल खोसला एवं जिलाध्यक्ष चौधरी मोहित मालिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महन्त विजय गिरी के सानिध्य में श्री गणेश भगवान का आशीर्वाद प्राप्त हुआ। महाराणा प्रताप सेना के पदाधिकारियों ने सम्पूर्ण विश्व के कल्याण हेतु प्रार्थना की।
प्रदेश अध्यक्ष प्रीत पाल खोसला ने कहा कि श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव पर पूरी धार्मिक परंपरा के साथ श्री गणेश महाराज की प्रतिमा स्थापित की जाती है व आरती की जाती है। गणेश चतुर्थी महोत्सव खुशी भरा वातावरण परिवार में पैदा करता है। परिवार को एकजुट होकर पूजा करने का अवसर प्रदान करता है। सभी रिश्तेदारों व मित्रों से संबंध मजबूत होते हैं। हमें यह उत्सव घर-घर में मनाना चाहिए। इससे हमें अपने बच्चों को अपनी धार्मिक विरासत से जुडऩे का भी अवसर मिलता है। इस मौके पर मीडिया प्रभारी तनशील भल्ला, कानूनी सलाहकार मनीष गिरि एवं समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे।















