गाजियाबाद। जिला पंचायत अध्यक्ष पद चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, विवाद भी शुरू होने लगा है। गुरूवार को सपा-रालोद के नेताओं ने डीएम आरके सिंह से मुलाकात कर मोदीनगर तहसील के अधिकारियों पर पंचायत
सदस्यों के ऊपर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की। सपा और रालोद नेताओं का एक प्रतिनिधि मंडल संयुक्त रूप से सपा जिलाध्यक्ष राशिद मलिक के नेतृत्व में डीएम आरके सिंह से मिला। दोनों दलों के नेताओं ने आरोप लगाया है कि एक पार्टी के पक्ष में वोटिंग कराने के लिए अधिकारी उनके इशारे पर काम कर रहे हैं और वोटिंग करने के लिए अनावश्यक रूप से ना सिर्फ वोटरों पर दबाव बनाया जा रहा है बल्कि उन्हें तरह-तरह से धमकाया जा रहा है। ज्ञापन में नेताओं ने मोदीनगर तहसीलदार और गाजियाबाद तहसीलदार पर वोटरो पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। सपा महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी ने बताया कि इस संबंध में डीएम को अवगत कराया गया है ताकि एक पक्ष में चुनाव करने के लिए वोटरों को धमकाने का प्रयास ना किया जाए। आरोप है कि दूसरे पक्ष के प्रत्याशी को जिताने के लिए खुद अधिकारी ही वोटरों पर दबाव बना रहे हैं, चुनाव निष्पक्ष कैसे हो सकता है। डीएम ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष राशिद मलिक, राष्टï्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष अजय प्रमुख, महानगर अध्यक्ष सपा राहुल चौधरी, मेरठ व सहारनपुर मंडल रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष यशवीर सिंह, वरिष्ठ रालोद नेता अमरजीत सिंह बिड्डी व रालोद महानगर अध्यक्ष अरुण चौधरी सहित दोनों दलों के नेता शामिल रहे।
















