आधुनिक मॉडल से निर्मित एसटीपी लोनीवासियों के लिए साबित होगा मील का पत्थर

-4 करोड़ से अधिक विकास कार्यों का लोनी विधायक ने किया उद्घाटन
-वर्षों से बन्द पड़े 30 एमएलडी का एसटीपी प्लांट हुआ शुरू

गाजियाबाद। लोनी में वर्षों से बंद पड़े डीएलएफ स्थित 30 एमएलडी की क्षमता वाला एसटीपी प्लांट पुन: शुरू हो गया है। बुधवार को लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने करीब 2.5 करोड़ की लागत से 4 साल से अधिक समय से बंद पड़े सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का नवीनीकरण पूरा होने पर शुभारंभ किया। विधायक ने कहा कि यह प्लांट लोनी के जलभराव और सीवरेज ओवरफ्लो समेत यमुना नदी को प्रदूषण मुक्त करने की दृष्टि से मील का पत्थर साबित होगा। विधायक ने एसटीपी प्लांट का उद्घाटन कर पूरे प्लांट का निरीक्षण कर जलशोधन की विधि की जानकारी ली। विधायक ने जलनिगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर लोनी के संपूर्ण जलनिकासी को लेकर चर्चा कर आवश्यक निर्देश भी दिए। विधायक ने बताया कि यह प्लांट आउटडेटेड मशीनों और जलशोधन न कर पाने के कारण वर्षों से बन्द पड़ा था। इसके बाद कई बार जल निगम के उच्चाधिकारियों के साथ गाजियाबाद समेत दिल्ली में बैठक हुई। क्योंकि इसके बन्द होने के कारण क्षेत्र में भूजल प्रदूषित हो रहा था, जलभराव की समस्या और सीवरेज सिस्टम के ओवरफ्लो की समस्या उत्पन्न हो रही थी। प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, नगर विकास मंत्री और सांसद वीके सिंह का आभार व्यक्त किया। पिछले एसटीपी की तुलना में यह प्लांट अधिक अत्याधुनिक तरीके से कार्य करेगा। जिससे डीएलएफ समेत पूरी लोनी के गंदे पानी को ट्रीट करके यमुना में पाइपलाइन के माध्यम से प्रवाहित किया जा सकेगा। जो नदियों के संरक्षण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। अमृत योजना के तहत एक 60 एमएलडी के ट्रीटमेंट प्लांट और बनाने का प्रस्ताव दिया है। जल निगम के सहायक अभियंता संजय कुमार ने बताया कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के नवीनीकरण का काम विधायक की सक्रियता से संभव हुआ है। इसके तहत गंदे पानी और घर में प्रयोग किये गये जल के दूषणकारी अवयवों को भौतिक, रासायनिक और जैविक विधि का प्रयोग कर साफ कर यमुना में प्रवाहित किया जाएगा। वहीं विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने 35 लाख की अधिक की लागत से वर्षों से उपेक्षित और जलभराव का सामना कर रहे मूवी मैजिक मार्ग के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष अमर सिंह मलान ने नारियल फोड़ कर मार्ग का शुभारंभ किया। विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने बताया कि मार्ग पर जलभराव न हो और यह टूटे न इसलिए इसे सीसी मार्ग बनाया जा रहा है। मार्ग बनकल जल्द ही तैयार हो जाएगा, जिसका लाभ क्षेत्रवासियों को मिलेगा। इस दौरान भाजपा नेता पण्डित ललित शर्मा, सभासद सुरेंद्र बैसोया, अमित, प्रवासी विकास मंच अध्यक्ष सुशील श्रीवास्तव, रूबल गौर, प्रशांत ठाकुर, कंपनी से प्रशासन प्रबंधक नरेश कुमार, नेटवर्क इंजीनियर पुष्पेंद्र कुमार उपस्थित रहें।