कंट्री होटल में प्रस्तावक को बंधक बनाने का आरोप, सपाईयों ने किया प्रदर्शन

गाजियाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के नामांकन से पहले भाजपाइयों ने सपा-रालोद सर्मिथित जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी की प्रस्तावक रजनी लता खटीक को होटल में बंधक बनाए जाने पर समाजवादी पार्टी के दिग्गजों ने होटल के बाहर हंगामा किया। लिंकरोड स्थित 5 सितारा होटल कंट्री-इन के बाहर सपा कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। सपाइयों ने जिला प्रशासन और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सपा के जिलाध्यक्ष राशिद मलिक,पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा,बसपा से निष्कासित धौलाना के विधायक असलम चौधरी,पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार मुन्नी,महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी,मनोज पंडित, हिमांशु पाराशर,मनमोहन गामा समेत सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए जमकर नारेबाजी की। मौके पर भारी संख्या में पुलिस भी तैनात रहीं।धरने पर बैठे सपाइयों ने आरोप लगाया कि प्रस्तावक रजनी लता खटीक को भाजपाइयों ने बंधक बनाकर होटल में रखा। सपा और राष्ट्रीय लोकदल की संयुक्त प्रत्याशी विधायक असलम चौधरी की पत्नी नसीम बेगम को प्रत्याशी बनाया गया था। सुबह उन्हें जानकारी मिली कि अध्यक्ष प्रत्याशी की प्रस्तावक रजनीलता खटीक को भाजपाइयों ने होटल कंट्री इन में बंधक बना लिया। इसकी जानकारी मिलते ही सपा कार्यकर्ता होटल के बाहर एकत्र हुए। होटल कंट्री इन के बाहर धरने पर बैठ गए।भाजपा सरकार के इशारे पर बंधक बनाया गया। आरोप लगाया कि इस तरह से भाजपा की मंशा निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीतने की है। सपाईयों का आरोप है कि भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव निष्पक्ष नहीं कराकर लोकतंत्र की हत्या करना चाहती हैं। विरोध बढ़ता देख देख भाजपाई चुपचाप उन्हें अपने साथ लेकर चले गए। वहीं,जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की उम्मीदवार ममता त्यागी ने ही सिर्फ नामांकन पत्र दाखिल किया।बसपा जहां प्रत्याशी न खड़ा कर पहले ही मैदान से बाहर हो गई थी। वहीं,सपा-रालोद प्रत्याशी ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया।भाजपा के जिला प्रभारी सतेंद्र सिसौदिया ने सफाई देते हुए कहा कि जिला पंचायत सदस्य होटल में क्या कर रही थीं। शनिवार को नामांकन होना था तो इस वक्त जिला पंचायत सदस्य या तो अपने घर हैं या पार्टी के साथ होना चाहिए था। सपा के महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी का कहना है कि भाजपा प्रत्याशी ममता त्यागी को चुनाव में जिताने के लिए भाजपा द्वारा सपा-रालोद प्रत्याशी को नामांकन करने से रोका गया। इस मामले मेंं उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु सुहास का कहना है कि इस मामले की जानकारी मिली है। जांच करवाई जा रही है। जांच करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।