-65 ग्राम प्रधान और 752 ग्राम पंचायत सदस्यों ने ली शपथ, 27 को होगी बैठक
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के चलते गांव की सरकार के गठन के लिए नवनिर्वाचित प्रधानों और ग्राम पंचायत सदस्यों को मंगलवार को ऑनलाइन शपथ दिलाई गई। गांव की सरकार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के संपन्न होने के बाद नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों और ग्राम पंचायत सदस्यों ने जिले के चारों ब्लॉक में ऑनलाइन शपथ ग्रहण की। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों एवं ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाने के लिए चारों ब्लॉक, रजापुर,मुरादनगर, लोनी,भोजपुर ब्लॉक में नोडल अधिकारी नामित किए थे। इसके तहत मंगलवार को सभी को शपथ ग्रहण कराई गई। जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार को ऑनलाइन शपथ ग्रहण कराई गई। इसके बाद अब 27 मई गुरूवार को ग्राम प्रधान पहली बैठक ग्राम पंचायत भवन में करेंगे। जिले में 161 ग्राम पंचायतों के 65 ग्राम प्रधान और 2141 ग्राम पंचायत सदस्यों में से 752 ग्राम पंचायत सदस्य ही शपथ ग्रहण कर पाएं।बाकी ग्राम पंचायतों में संघटित होने के बाद शपथ दिलाई जाएगी। ग्राम प्रधान के अलावा ग्राम पंचायत सदस्य की संख्या 11,13 एवं 15 तक नहीं होने की वजह से अन्य गांवों के ग्राम प्रधान शपथ नहीं ले पाए। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि रजापुर ब्लॉक में जिला विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने डासना देहात,कनौजा,रसूलपुर सिकरोड़ा, नाहल, मसूरी,कुशलिया,ढबारसी,जलालाबाद,आबिदपुर,मानकी,दौसा बंजारपुर,सीकरी कला,भिक्कनपुर, भोवापुर,अटौर, दीनानाथपुर पुटठी,रघुनापुर,निडौरी,निगरावटी के ग्राम प्रधान,ग्राम पंचायत सदस्य को शपथ दिलाई। वहीं,लोनी ब्लॉक में अपर जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी ने सिरौरा सलेमपुर, भनेड़ा खुर्द,बादशाहपुर सिरौली,गनौली,मेवला भट्टी,सकलपुरा,मंडोला,मीरपुर हिंदू, असालपुर, फर्रूखनगर, शरीफाबाद, राजपुर, खानपुर जप्ती,इलाचतीपुर,हकीकतपुर, फतियाबाद निठौरा,नानू। मुरादनगर ब्लॉक में खंड विकास अधिकारी अजितेश कुमार सिंह ने बसंतपुर सैंथली,असालतनगर,जलालपुर,रघुनाथपुर,सहबिस्वा, डबाना,मनौली,हुसैनपुर,पैंगा,असदपुर नांगल,नेकपुर सादितनगर,सुठारी,बड़का आरिफपुर,हिसाली,मटौर,कुनहैड़ा एवं भोजपुर ब्लॉक में खंड विकास अधिकारी फैजल आलम ने अमराला,अतरौली,औरंगाबाद फजलगढ़, बेगमाबाद बुढ़ाना,भटजल पलौता,जोया,कलछीना,लतीफपुर तिबड़ा,मछरी,पट्टी, रोरी, शकूरपुर, शामली,तलहैटा,त्यौड़ी, तेरहबिस्वा,त्यौड़ी सात विस्वा,यूसुफपुर ईशापुर के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों और ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ ग्रहण ऑनलाइन कराई गई।
डीपीआरओ अनिल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मतगणना के बाद प्रत्याशियों को विजेता घोषित कर दिया गया था। लेकिन उनका शपथ ग्रहण ना होने की वजह से गांवों में विकास कार्य नही हो पा रहें थे। कोरोना के दौर में इन दिनों गांवों में बड़े स्तर पर कार्य कराए जा रहे हैं। जिसमें फंड आदि की आवश्यकता होती है और ग्राम प्रधान और सदस्यों की सहमति से भी कार्य कराए जाते हैं। इसके अलावा जीत के बाद कम से कम एक तिहाई सदस्यों को शपथ दिलाया जाना आवश्यक होता है। ताकि विकास कार्यो में कोई रूकावट न हो सकें। शपथ ग्रहण के बाद 27 मई को ग्राम प्रधान और सदस्यों की पहली बैठक आयोजित की जाएगी।















