-सीबीआई ने कोर्ट के समक्ष रखी अपनी अंतिम रिपोर्ट
नई दिल्ली। चर्चित अगस्ता वेस्टलैंड हेलिकॉप्टर रिश्वत कांड में ब्रिटिश नागरिक क्रिश्चियन मिशेल जेम्स और कारोबारी राजीव सक्सेना की मुश्किलें बढऩी तय हैं। सीबीआई ने दोनों के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दाखिल कर दिया है। सीबीआई ने विशेष न्यायाधीश अरविंद कुमार के समक्ष अपनी अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत की है। रिपोर्ट में मिशेल और सक्सेना के अलावा 13 अन्य को आरोपी बनाया गया है। कोर्ट इस मामले पर 21 सितंबर को विचार कर सकती है। सीबीआई की तरफ से दाखिल जांच रिपोर्ट में नेताओं, नौकरशाहों और वायु सेना के अफसरों के लिए रिश्वत लेने के प्रकरण में क्रिश्चियन मिशेल, राजीव सक्सेना और अन्य की कथित भूमिका का विवरण दिया गया है। सीबीआई ने इस वर्ष के प्रारंभ में पूर्व रक्षा सचिव शशिकांत शर्मा पर मुकदमा चलाने हेतु संबंधित प्राधिकारों से अनुमति मांगी थी, मगर अब तक अनुमति नहीं मिली है। इस कारण शर्मा का नाम आरोपी के तौर पर शामिल नहीं किया गया है। सीबीआई ने कोर्ट को अवगत कराया कि वह मामले में बाद में एक और पूरक आरोप पत्र दाखिल कर सकती है। इस संबंध में सितंबर 2017 में पहला आरोप पत्र दाखिल किया गया था, जिसमें वायु सेना के पूर्व प्रमुख एस.पी. त्यागी तथा अन्य को नामजद किया गया था। एजेंसी ने पिछले साल 5 दिसंबर को ब्रिटिश नागरिक मिशेल को हिरासत में लिया था। मिशेल को दुबई से लाया गया था। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पिछले साल 22 दिसंबर को मिशेल को हिरासत में लिया था। वर्तमान में मिशेल दोनों मामलों में न्यायिक हिरासत में है। बता दें कि अगस्ता वेस्टलैंड से 12 हेलिकॉप्टरों की खरीद के संबंध में कथित घोटाला के मामले में कारोबारी राजीव सक्सेना को 31 जनवरी 2019 को दुबई से भारत लाया गया था। ईडी द्वारा दाखिल धन शोधन के मामले में सक्सेना फिलहाल जमानत पर है।
















