-शिकायतों का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित
-प्रत्येक शिकायत के निस्तारण के बाद लाभार्थियों से फीडबैक लिया जाएगा
-अधिकारियों को जनहित और संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई के निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जन समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना। जनता दर्शन के दौरान फरियादियों की लगातार बढ़ती संख्या इस बात का प्रमाण है कि जनपद प्रशासन पर लोगों का भरोसा मजबूत हो रहा है और उन्हें यहां अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद नजर आ रही है। जनसुनवाई के दौरान नगर निगम, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित बड़ी संख्या में प्रार्थना और शिकायत पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की बात को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुना और समस्याओं की जड़ तक पहुंचने का प्रयास किया। उन्होंने प्रार्थियों से यह भी जानकारी ली कि क्या उन्होंने पूर्व में भी अपनी शिकायत संबंधित विभाग को दी थी और उस पर क्या कार्रवाई हुई।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान केवल औपचारिकता के तौर पर नहीं, बल्कि पूरी गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य सिर्फ शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि उसका वास्तविक और स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनता दर्शन में प्राप्त सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है, उनमें मौके पर जाकर जांच की जाए, ताकि समस्या की वास्तविक स्थिति सामने आ सके और उसका सही समाधान किया जा सके।
डीएम माँदड़ ने यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक अवश्य लिया जाए, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि फरियादी संतुष्ट है और उसकी समस्या का समाधान वास्तव में हो चुका है। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि जन शिकायतों के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही या टालमटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि जनता को न्याय मिले और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारी हर समय तत्पर रहें। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे जनहित को सर्वोपरि रखते हुए संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सौरभ भट्ट, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अंजुम बी, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में शिकायतों को संबंधित विभागों को तत्काल अग्रसारित किया गया, ताकि निस्तारण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो। कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन धीरे-धीरे आमजन के लिए एक प्रभावी मंच बनता जा रहा है, जहां उनकी आवाज सीधे जिला प्रशासन तक पहुंच रही है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ की सक्रिय कार्यशैली और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के चलते जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत माना जा रहा है।
















