गाजियाबाद। विजयनगर थाने की हवालात में विजयनगर के सेक्टर-9 के मवई निवासी शमशेर (40) ने शर्ट से फंदा लगाकर आत्महत्या करने के मामले में गुरुवार को मृतक के बेटे ने विजयनगर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट और पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट कराने के लिए तहरीर दी है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी कलानिधि नैथानी ने थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट, जीडी मुंशी मुख्य आरक्षी मोहर सिंह, सिपाही अमित कुमार,संतरी पहरा पर ड्यूटी सिपाही हरीश तिवारी को सीओ फस्र्ट अभय कुमार मिश्र की रिपोर्ट के आधार पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इस पूरे मामले की जांच एसपी सिटी अभिषेक वर्मा को सौंपी गई हैं। इनके अलावा अन्य पुलिस कर्मियों की लापरवाही के संबंध में जांच कर रिपोर्ट देने के लिए निर्देशित किया है। बेटे ने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों ने मारपीट कर पिता शमशेर को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस मौत के बाद शमशेर की लाश को छुपाने के प्रयास का आरोप भी लगा है। शमशेर की पत्नी तमन्ना ने पहले शिकायत कर बुधवार की शाम में पति को थाने पहुंचाया पहुंचाया था। उसके आत्महत्या के बाद पछतावा कर बोली-काश मैं वहां बैठी रहती। शमशेर के आत्महत्या करने के मामले में पहरे पर तैनात पुलिसकर्मी द्वारा आवाज लगाने पर कोई रिस्पांस नहीं मिला तो घटना का पता चला। जानकारी लगते ही पुलिस के आला अफसर मौके पर दौड़ पड़े। कस्टडी में हुई मौत ने पुलिस पर तमाम सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जहां गुरूवार को हिंडन मोर्चरी पर पोस्टमार्टम होने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने उसे सुपुर्द ए-खाक कर दिया। शमशेर को पत्नी की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया था। मूलरूप से कैला भट्टा निवासी शमशेर सेक्टर-9 में पत्नी और 4 बच्चों के साथ किराए पर रहता था। वह मवई में मस्जिद के पास परचून की दुकान चलाता था। परिजनों के मुताबिक, शमशेर बुधवार शाम करीब 4:30 बजे शराब के नशे में घर आया और परिजनों के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। शमशेर का हंगामा बढ़ता देखकर उसकी पत्नी तमन्ना ने यूपी-112 पर कॉल करके पुलिस बुला ली,जो शमशेर को विजयनगर थाने ले गई। थाने में तलाशी लेने के बाद उसे हवालात में बंद कर दिया गया। बताया गया कि इस दौरान शमशेर ने थाने की हवालात में ही अपनी शर्ट से फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद पहरा ड्यूटी दे रहे पुलिसकर्मी ने हवालात में जाकर देखा तो शमशेर अचेत अवस्था में पड़ा था और उसके गले में शटज़् लिपटी हुई थी। आननफानन में शमशेर को पुलिस जिला अस्पताल लेकर गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। एसपी सिटी अभिषेक वर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने पुलिस पर मारपीट कर शमशेर को मौत के घाट उतारने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। अब इस मामले में शमशेर के बेटे समीर ने तहरीर दी है। जिसमें बताया गया है कि मम्मी की सूचना पर दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे थे। जिनके साथ पिता की हाथापाई हुई थी। इसके बाद वह पिता को जबरन थाने लेकर चले गए। आरोप है कि जहां थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों ने हाथापाई का बदला लेने के लिए उनके पिता के साथ जमकर मारपीट की। जिससे उनकी मौत हुई है। आरोप यह भी लगाया गया है कि पुलिस ने शमशेर के शव को छिपाने का प्रयास का प्रयास किया।पुलिस छावनी बना श्मशान घाट:हंगामे की आशंका को देखते हुए श्मशान घाट पूरी तरह से छावनी बना हुआ है। पुलिस के अलावा सिटी मजिस्ट्रेट विपिन कुमार समेत अधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पोस्टमार्टम के दौरान वीडियोग्राफी कराई गई। इसके बाद शव को सुपुर्द ए खाक किया गया। पंचनामा सिटी मजिस्ट्रेट विपिन कुमार की मौजूदगी में भरा गया। एसपी सिटी अभिषेक वर्मा का कहना है कि पत्नी से झगड़ा करने की सूचना पर पुलिस शमशेर को लेकर आई थी। वहां उसने हवालात में अपनी शर्ट से फंदा लगा लिया था। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम किया गया।
















