5 औद्योगिक इकाइयों को 62 एकड़ भूमि का आवंटन
ग्रेनो प्राधिकरण को 200 करोड़ का राजस्व मिलने की उम्मीद
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 5 औद्योगिक इकाइयों के पक्ष में मेगा इनवेस्टमेंट श्रेणी में लगभग 62 एकड़ भूमि का आवंटन किया गया है। इन इकाइयों के स्थापित होने से कुल 921.71 करोड़ का निवेश होने की संभावना है। इसके अलावा 5700 नागरिकों को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। ग्रेनो प्राधिकरण को तकरीबन 200 करोड़ का राजस्व प्राप्त होने की भी उम्मीद जाहिर की गई है।
4 इकाइयों द्वारा एकमुश्त भुगतान का विकल्प के अंतर्गत भुगतान किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में बड़ी-बड़ी औद्योगिक इकाइयों को स्थापित करने के आशय से मेगा इनवेस्टमेंट श्रेणी में 6 बड़े औद्योगिक भूखंडों की योजना लाई गई थी। इस योजना की अंतिम तिथि 2 जुलाई निर्धारित थी। इस योजना के अंतर्गत विभिन्न राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय इकाइयों द्वारा औद्योगिक भूखंड प्राप्त करने के लिए उत्तर प्रदेश शासन के जरिए तथा ग्रेनो प्राधिकरण में भी ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए आवेदन किया गया है। साक्षात्कार एवं निर्धारित प्रक्रिया के उपरांत औद्योगिक भूखंड आवंटन समिति द्वारा 5 कंपनियों को आवंटन किया गया। इनमें मै. ड्रीमटैक इलैक्ट्रॉनिक्स इंडिया प्रा.लि., मै. अल्फा मिल्क फूड्स प्रा.लि., मै. स्टेरियॉन इंडिया प्रा.लि., मै. एलाईड निप्पोन प्रा.लि. व मै. सुपर प्लासट्रोनिक्स प्रा.लि. शामिल हैं। मै. ड्रीमटैक इलैक्ट्रॉनिक्स इंडिया प्रा.लि को 20 एकड़ का भूखंड आवंटित किया गया है। इस परियोजना में इकाई द्वारा लगभग 264.71 करोड़ का एफडीआई निवेश किया जाएगा। यह मूल रूप से कोरियन कंपनी है, जो भारत में उप्र के ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में पहली बार इकाई स्थापित करने जा रही है। इस इकाई में 2600 नागरिकों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। कंपनी द्वारा 2 वर्ष के भीतर उत्पादन आरंभ कर दिया जाएगा। मै. स्टेरियॉन इंडिया प्रा.लि को भी 20 एकड़ का भूखंड दिया गया है। इस परियोजना में इकाई द्वारा 240.60 करोड़ का निवेश किया जाएगा। यह कंपनी भी मूल रूप से कोरियन है, जो ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में पहले से कार्यरत है। इस कंपनी में एक हजार नागरिकों को रोजगार मिल सकेगा। मै. एलाईड निप्पोन कंपनी को दस एकड़ का भूखंड आवंटित किया गया है। इस परियोजना में करीब ढाई सौ करोड़ का निवेश होना है। साथ 800 नागरिकों को रोजगार मिलेगा। यह कंपनी भारत में बजाज ग्रुप, हीरो ग्रुप, मारूति ग्रुप और होंडा को अपने उत्पादों की आपूर्ति कर रही है। मै. सुपर प्लासट्रोनिक्स को दस एकड़ का भूखंड आवंटित हुआ है। इस परियोजना में 140 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। इसके अलावा 1200 नागरिकों को रोजगार मिलेगा। इसी प्रकार अल्फा मिल्क फूड्स को डेढ़ एकड़ भूमि आवंटित की गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के मुताबिक इस योजना में औद्योगिक भूखंडों के आवंटन के लिए कुल 186 आवेदन पत्रों के मूल्यांकन की कार्रवाई जारी है। बता दें कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को रफ्तार देने के लिए प्राधिकरण स्तर से निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
















