यमुना एक्सप्रेस-वे टोल टैक्स में 4 साल बाद हुई मामूली बढ़ोत्तरी कार चालकों पर बढ़ा सिर्फ 10 पैसे प्रति किलोमीटर का भार

– एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा के उपाय बढ़ाने को लेकर कंपनी ने कराया है 130 करोड़ का खर्च, 40 पैसे प्रतिकिलोमीटर बढ़ाने की रखी थी मांग

उदय भूमि ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा से आगरा को जोड़ने वाले यमुना एक्सप्रेस-वे पर 4 साल बाद टोल टैक्स में मामूली बढ़ोत्तरी की गई है। एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा उपायों में कमी होने के कारण यमुना प्राधिकरण द्वारा टोल टैक्स में बढ़ोत्तरी पर रोक लगा दी गई थी। यमुना एक्सप्रेसवे प्रबंधन ने सुरक्षा उपायों पर काम करते हुए लगभग 130 करोड़ रुपए खर्च किये। इसके बाद टोल प्रबंधन कंपनी जेपी इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड ने एक्सप्रेस-वे पर चलने वाले कार से प्रति किलोमीटर 40 पैसे बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव रखा था। टोल प्रबंधन ने एक्सप्रेस-वे प्रबंधन की बढ़ी लागत और सुरक्षा उपायों के लिए किये गये खर्च का हवाला देते हुए टोल बढ़ाने की बात कही। लेकिन यमुना प्राधिकरण ने 40 पैसे के बदले सिर्फ 10 पैसे प्रति किलोमीटर बढ़ोत्तरी की बात मानी। दोपहिया वाहनों पर टोल टैक्स में कोई बढ़ोत्तरी नहीं होगी। टोल टैक्स में बढ़ोत्तरी के इस निर्णय से एक्सप्रेस-वे पर सफर करना थोड़ा महंगा हो गया है। पहले ग्रेटर नोएडा से आगरा तक के 165 किलोमीटर के सफर के लिए 412 रुपये 50 पैसे चुकाने पड़ते थे। अब इस सफर के लिए 429 रुपये देने होंगे। यानी ग्रेटर नोएडा से आगरा जाने के लिए कार चालकों को अब 16 रुपये 50 पैसे अधिक देना पड़ेगा। टोल टैक्स की नई दरें 1 सितंबर 2022 से लागू होंगी।

यमुना एक्सप्रेस-वे पर इससे पहले 2018 में टोल की दरें बढ़ाई गई थीं। इसके बाद से टोल में बढ़ोत्तरी पर रोक लगा दी गई थी। एक्सप्रेस-वे के सफर को सुरक्षित बनाने के लिए सुरक्षा से जुड़े  22 काम किए जाने थे। लगभग 130 करोड़ रुपये की लागत से एक्सप्रेस-वे  प्रबंधन ने इन कामों को पूरा कराया है। बुधवार को यमुना प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगी।  दोपहिया वाहन और ट्रैक्टर चालक को पहले जैसा ही टोल देना होगा। हल्के व्यवसायिक वाहनों पर 41.25 रुपए की टोली वृद्धि की गई है। बस और ट्रक के टोल में 90.75 रुपये, 3 से 6 धुरीय वाहनों में 140.45 रुपये और सात धुरीय से बड़े व्यवसायिक वाहनों को 173.25 रुपए अधिक टोल चुकाना होगा।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि टू-व्हीलर और ट्रैक्टर को टोल बृद्धि से अलग रखा गया। हल्के व्यवसायिक वाहन, हल्के माल यान, मिनी बस की टोल दरें 3.90 प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 4.15 रुपए प्रति किलोमीटर, बस एवं ट्रक की दर 7.90 रुपए प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 8.45 रुपए प्रति किलोमीटर, छह एक्सल वाले भारी वाहनों से 12.45 रुपये प्रति किलोमीटर और अत्यधिक भारी वाहनों से 16.60 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से टोल ली जाएगी।