स्मार्ट विलेज मुरादगढ़ी में बनेगा ई-लाइब्रेरी,2 से 6 साल के बच्चों के लिए खोला जाएगा प्ले स्कूल

– यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने मुरादगढ़ी को स्मार्ट विलेज बनाने के लिए परियोजना विभाग को दिये निर्देश

उदय भूमि ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। गांव मुरादगढ़ी में बुधवार को कम्युनिटी लाइब्रेरी एंड रिसोर्स सेंटर शुरू हो गया। यहां पर ग्रामीणों को उनकी जरूरत के मुताबिक सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही इस गांव को स्मार्ट विलेज बनाया जाएगा। स्मार्ट विलेज में सामुदायिक केंद्र बनाया जाएगा। इसमें ई लाइब्रेरी बनाई जाएगी। यमुना प्राधिकरण का सेक्टर-32-33 गांव मुरादगढ़ी में है। यहां पर फाच्र्यून 500 में शामिल कंपनी ऐवरी डेनिन्सन ने अपनी औद्योगिक इकाई लगाई है। कंपनी ने अपनी सीएसआर फंड से रेड इंडिया एनजीओ के साथ मिलकर ग्राम मुरादगढ़ी में कम्युनिटी लाइब्रेरी एंड रिसोर्स सेंटर शुरू किया है। इसमें लाइब्रेरी, कंप्यूटर केंद्र, सिलाई-कढ़ाई केंद्र शुरू किया गया है। इसमें 2 से 6 साल के बच्चों के लिए प्ले स्कूल खोला जाएगा। इसका लाभ मुरादगढ़ी के लोगों को मिलेगा। इसके अलावा कंपनी में काम करने वाले लोगों को भी फायदा मिलेगा।

केंद्र की शुरुआत करते हुए यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने कहा कि मुरादगढ़ी गांव को स्मार्ट विलेज बनाया जाएगा। इसके लिए परियोजना विभाग काम शुरू करेगा। इस गांव तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त करने के लिए दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांव में सामुदायिक केंद्र की स्थापना की जाएगी। इसमें ई लाइब्रेरी खोली जाएगी। साथ ही अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस मौके पर एसीईओ मोनिका रानी, रविंद्र सिंह, ओएसडी शैलेंद्र भाटिया, ओएसडी शैलेंद्र सिंह, जीएम प्रोजेक्ट केके सिंह, स्टाफ ऑफिसर टू सीईओ नंद किशोर सुंदरियाल, कंपनी की एचआर निदेशक मानवी सुशील, सौरभ अग्रवाल, डॉ. गीता मल्होत्रा आदि मौजूद रहे।