बिजली कर्मचारियों पर हमला, 2 घायल

एनपीसीएल के 2 कर्मचारी घायल, हमलावर फरार

ग्रेटर नोएडा। एनपीसीएल एवं पुलिस की संयुक्त टीम बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई करने लखनावली गांव में पहुंची। इस बीच कुछ ग्रामीणों ने अचानक सरकारी टीम पर हमला बोल दिया। गाली-गलौच एवं मारपीट में 2 कर्मचारी घायल हो गए। बाद में सूचना पाकर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा, मगर हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

लखनावली गांव में बिजली चोरी की सूचना मिली थी। इस पर एनपीसीएल ने कार्रवाई के लिए खाका तैयार किया। एनपीसीएल एवं पुलिस की संयुक्त टीम को तैयार किया गया। पुलिस लाइन से 2 पुलिस कर्मी एनपीसीएल टीम के साथ भेजे गए। संयुक्त टीम लखनावली गांव में संबंधित मकान के बाहर पहुंच गई। मकान का दरवाजा खुलने के साथ कुछ ग्रामीणों ने एकाएक टीम पर हमला बोल दिया। गाली-गलौच एवं मारपीट में एनपीसीएल के 2 कर्मचारी घायल हो गए। टीम को इस प्रकार के विरोध की जरा भी आशंका नहीं थी। मारपीट में घायल कर्मचारियों को पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा हरीश चंदर के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मालूम पड़ा कि जिन ग्रामीणों ने टीम पर हमला किया था, उनके खिलाफ पूर्व में भी बिजली चोरी की शिकायत एनपीसीएल को मिली थी। सभी आरोपी घर से फरार हैं। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, लखनावली गांव में इस घटना के बाद अफरा-तफरी का आलम रहा।