निर्माण कार्य में कोताही, ठेकेदार पर 20 हजार का जुर्माना

ग्रेटर नोएडा। मिलक लच्छी गांव में पुलिया के निर्माण की गुणवत्ता खराब मिलने पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ठेकेदार पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। यह काम ही करीब 10 हजार रुपये का था। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना एके अरोड़ा ने बताया कि मिलक लच्छी गांव में मैसर्स बेव्हेयर इंटरप्राइजेस पुलिया को ऊंचा उठाने का कार्य कर रही है, ताकि बारिश का पानी आसानी से निकल सके।

ठेकेदार ने गांव में हाल ही में एक पुलिया को ऊंचा उठाने का कार्य किया था। उसके ऊपर से जेसीबी गुजरने से वह टूट गई। इसकी सूचना मिलते ही परियोजना विभाग के वर्क सर्किल एक के प्रबंधक प्रभात शंकर ने मौके पर जाकर जांच की। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में खामी मिलने पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया। जुर्माने की यह रकम ठेकेदार को दी जाने वाली भुगतान राशि में से कटौती कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि ठेकेदार को पुलिया का निर्माण फिर से गुणवत्ता के साथ करने के निर्देश दिए।