एक लाख पौधे रोपित करने का अभियान शुरू
यमुना प्राधिकरण ने भी लगाए 31 हजार पौधे
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने मानसून सत्र के मद्देनजर रविवार को वृहद पौधरोपण अभियान की शुरुआत की। इसके तहत एक लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया। पौधरोपण कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) अमनदीप डुली ने स्मृति वाटिका में पीपल का पौधा रोपित कर किया। वहां विभिन्न प्रजाति के पौधे रोपित किए गए। सभी पौधों की जिओ टैगिंग भी की जाएगी।
जिओ टैगिंग से पौधों की वास्तविक स्थिति की जानकारी, रख-रखाव एवं पौधों में वृद्धि, सिंचाई तथा हरियाली इत्यादि की ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित हो सकेगी। इस मानसून सत्र में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सेक्टर-10 एवं 12 के ग्रीन बेल्ट पर स्मृति वाटिका विकसित की जा रही है। स्मृति वाटिका में मेरा पौधा, मेरी स्मृति कार्यक्रम के तहत ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के 65 नागरिकों द्वारा अपने पूर्वजों की स्मृति में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस दौरान अर्जुन, जामुन, नीम तथा पीपल आदि प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए।
स्मृति वाटिका में रोपित पौधों का रख-रखाव प्राधिकण द्वारा कराया जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में 25 हजार से ज्यादा पौधे लगाए गए। इसमें औद्योगिक आवासीय, संस्थागत, शैक्षणिक, चिकित्सीय एवं शासकीय अर्धशासकीय तथा विभिन्न सोसायटियों/आरडब्लूए आदि का सहयोग रहा। इस मौके पर एसीईओ दीप चंद्र, जीएम (वित्त) हौसिला प्रसाद वर्मा, जीएम (परियोजना) एके अरोड़ा आदि मौजूद रहे।
यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र में भी पौधरोपण अभियान चलाया गया। सेक्टर-28 व 60 मीटर रोड के सेंट्रल वर्ज और साइड पटरी से यह अभियान शुरू किया गया। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने चकरेसिया पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। यमुना प्राधिकरण की नर्सरी से 10 हजार पौधे नागरिकों को वितरित किए गए। प्राधिकरण क्षेत्र में 7 स्थानों पर 31 हजार पौधे रोपित किए गए। यमुना प्राधिकरण ने सेक्टर-28 की ग्रीन बेल्ट में स्मृति वाटिका बनाने का काम भी आरंभ कर दिया है। वहां कोई भी परिवार अपने पूर्वजों की स्मृति में पौधा लगा सकता है। इस अवसर पर सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह, एसीईओ रविंद्र सिंह, ओएसडी शैलेंद्र भाटिया, ओएसडी सदानंद गुप्ता, जीएम (परियोजना) के.के. सिंह आदि मौजूद रहे।
















