फरीदाबाद के 5 अस्पतालों में भी पड़ा आईटी का छापा
नोएडा। आयकर विभाग की टीम ने बुधवार को नामचीन मेट्रो हॉस्पिटल में छापा मारा। ऐसे में हॉस्पिटल प्रबंधन में एकाएक हड़कंप मच गया। आयकर विभाग के अधिकारियों ने महत्वपूर्ण दस्तावेजों की सघन जांच-पड़ताल की। उधर, हरियाणा के फरीदाबाद में इनकम टैक्स की टीमों ने 5 निजी हॉस्पिटल पर छापेमारी की। नोएडा सेक्टर-11 में मेट्रो हॉस्पिटल है। जहां बुधवार को इनकम टैक्स की टीम ने रेड डाली। छापामार कार्रवाई में विभाग के दर्जनभर अधिकारी शामिल रहे। एहतियात के तौर पर स्थानीय पुलिस को भी बुलवा लिया गया। इनकम टैक्स के अधिकारियों ने जरूरी दस्तावेजों को कब्जे में लेकर सघन जांच-पड़ताल की है।
सूत्रों का कहना है कि हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों के बनाए गए पर्चों का भुगतान पंजीकृत अकाउंट में किया जा रहा है अथवा नहीं, इसकी जांच की गई है। इस कार्रवाई से हॉस्पिटल मैनेजमेंट में खलबली मची रही। उधर, फरीदाबाद में आयकर विभाग की टीम ने 5 बड़े अस्पतालों में छापेमारी की। छापेमारी में फरीदाबाद में मोटा कैश बरामद होने की सूचना है। हालाकि हॉस्पिटल प्रबंधन का कहना है कि रिकार्ड में कैश दर्ज है। लगभग 66 लाख कैश मिलने की जानकारी सामने आई है। बताया गया है कि यह कैश हॉस्पिटल में काउंटर से अलग मिला है।
फरीदाबाद में आयकर विभाग ने मेट्रो हॉस्पिटल के अलावा सर्वोदय अस्पताल, एसएसबी अस्पताल, अकॉर्ड अस्पताल व पलवल में अपेक्स अस्पताल में छापा मारा है। छापामार कार्रवाई तड़के चार बजे शुरू की गई थी। पांचों हॉस्पिटल में आईटी की रेड के बाद अफरा-तफरी मची रही। आयकर विभाग ने छापामार कार्रवाई के विषय में अभी कोई जानकारी नहीं दी है।
















