उत्तराखंड के विकास नगर में हादसा, सीएम ने लिया संज्ञान
देहरादून। उत्तराखंड में रविवार की सुबह यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 13 यात्रियों की मौत हो गई। 2 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे की जानकारी मिलने पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने खुद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर खाई से शवों को बाहर निकाला। उधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर गहरा शोक जाहिर किया है। सीएम ने घटना की मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश भी दिए हैं। उत्तराखंड के विकास नगर में यह दुर्घटना प्रकाश में आई है।
जानकारी के अनुसार चकराता तहसील के भरम खत के बायला गांव से यूटिलिटी विकास नगर जाने के लिए निकली थी। इस बीच पीएमजीएसवाई के बायला-पिंगुवा मार्ग पर गांव से लगभग दो सौ मीटर आगे यह बस अचानक अनियंत्रित हो गई। सड़क के पैराफिट को तोड़कर बस करीब 400 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में 13 यात्रियों की जान चली गई। जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कम सिंह धामी ने दुर्घटना पर संज्ञान लिया है। सीएम धामी ने जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्य तेजी गति से कर घायलों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने ईश्वर से मृतकों की आत्मा को शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। सीएम धामी ने कहा कि घायलों के उपचार के लिए एवं मृतकों के परिजनों को उत्तराखंड सरकार की तरफ से हरसंभव मदद दी जाएगी। वहीं, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, आयुक्त गढ़वाल और जिलाधिकारी देहरादून घटनास्थल पर पहुंचे हैं। सीएम ने डीएम देहरादून को दुर्घटना की मजिस्ट्रीयल जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने परिवहन विभाग को वाहनों में ओवर लोडिंग न होने देने के भी निर्देश दिए हैं।















