जल का संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी: दुर्गा शंकर मिश्र

जल के लिए चल अभियान को मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने दिखाई हरी झंडी
आकाशवाणी, लखनऊ द्वारा ‘जल के लिए चल अभियान का हुआ सफल आयोजन

लखनऊ। एक दौर था जब हम लोग सोचते थे कि पानी को खरीदने की नौबत आएगी। आज वो नौबत आ चुकी है जब हम सच में पानी खरीदकर पी रहे हैं। हजारों रुपये लगा कर आरओ से मिलने वाला पानी भी खरीदने के ही बराबर है। इस बात पर विचार जरूर होना चाहिए कि आखिर क्यों पानी जैसे प्राकृतिक द्रव को खरीदना पड़ रहा है। आज की स्थिति आगे आने वाले दिनों की भयावहता की ओर भी इशारा करती है। पानी बहुत जरूरी है और इसे बचाना हमारा कर्तव्य है। उक्त बातें मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने जल है, तो कल है का संदेश देते हुए जल की एक-एक बूंद बचाने का आह्वान किया है। पृथ्वी का दो तिहाई भाग जल से घिरा है, फिर भी शुद्ध पानी की मात्रा सीमित है। ऐसे में जल संरक्षण के उपायों पर सबसे अधिक ध्यान देने की जरूरत है।

 


रविवार को गोमतीनगर स्थित 1090 चौराहे पर जल संरक्षण के संकल्प के साथ जी-20 वाक फॉर वाटर जल के लिए चल अभियान को मुख्य सचिव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि जल का सर्वाधिक उपयोग मनुष्य द्वारा किया जाता है। इसलिए पानी को बचाने की जिम्मेदारी हमारी ही है। भूजल संरक्षण के लिए जरूरी है कि हम पानी की बूंद-बूंद का महत्व समझें व्यर्थ पानी न बहाएं और जरूरत के हिसाब से प्रयोग करें। भूजल को रिचार्ज करने के लिए सबसे अच्छा समय बरसात का है। इस समय बारिश की एक-एक बूंद को संरक्षित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आम जनमानस को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने सभी से अपील की कि दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग कम से कम करें जल को बचाने के लिए ड्रॉप मोर क्रॉप अभियान चलाया जा रहा है। भूजल संरक्षण के लिए हर स्कूल कार्यालय की छत पर रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाया जा रहा है। इस अभियान में हर आयु के लोगों के साथ-साथ जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन, जल योद्धा, जल दूत, गण्यमान्य नागरिक, मीडियाकर्मी, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाड़ी एवं स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आकाशवाणी, लखनऊ की कार्यक्रम प्रमुख मीनू खरे ने बताया की इस अभियान का उद्देश्य पानी के बारे में जागरूकता फैलाना, जल संरक्षण के महत्व पर जोर देना और युवाओं को जागरुक करना है।

उन्होनें बताया कि आकाशवाणी, लखनऊ द्वारा 100 दिनों की जल संरक्षण कार्यक्रम श्रृंखला की आज से शुरूआत हुई है, जिसमें जल संरक्षण से सम्बन्धित कार्यक्रम लगातार प्रसारित किये जाएंगे। इस दौरान पद्मश्री रामसरन वर्मा, पद्मश्री सुधा सिंह, पेड़ वाले बाबा आचार्य चंद्र भूषण तिवारी, पर्यावरण योद्धा कृष्णानन्द राय, गोमती अभियान से जुड़े सुशील सीतापुरी, जल दूत नन्द किशोर वर्मा, डॉ सुधा बाजपेई, अनन्त मिश्र, योगेश आदित्य, नायाब खान आदि को सम्मानित किया गया। ‘जल के लिए चलÓ अभियान में वरिष्ठ नागरिक समूह में नरेंद्र कुमार प्रथम एवं देवेंद्र शर्मा द्वितीय स्थान पर रहे। महिलाओं में वंशिका सिंह प्रथम, मुस्कान द्वितीय एवं गुडिय़ा तृतीय स्थान पर रहीं। पुरुषों में सत्या को प्रथम, सुभाष सिंह को द्वितीय, अंकित पाण्डेय को तृतीय और विकास गौतम व नीलमणि पाण्डेय को सांत्वना पुरूस्कार मिले। इस मौके पर कुलदीप सिंह चौहान और साथियों की बैंड प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। अपराजिता ग्रुप द्वारा जुम्बा एरोबिक्स के प्रदर्शन ने लोगों में और भी उत्साह भर दिया। कार्यक्रम का संचालन आरजे ज्योति मिश्रा द्वारा किया गया। इस आयोजन में आकाशवाणी महानिदेशालय, नई दिल्ली से आए अजीत कुमार चुतर्वेदी, रश्मि चौधरी, संजय कुमार पाण्डेय, डॉ नगेन्द्र सिंह रघुवंशी, ममता उपाध्याय और डॉ सुशील कुमार राय की सक्रिय भागीदारी रही।