आरडीसी में मुख्य मार्ग व्हीकल फ्री जोन
नंदग्राम गौशाला के सौदर्यीकरण के साथ इंदिरापुरम में दिव्यांग पार्क का किया उद्घाटन
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। शनिवार को नवरात्रि के पहले दिन शहरवासियों को स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री वीके सिंह ने तीन सौगत दी। आरडीसी में मुख्य मार्ग के नो व्हीकल जोन के साथ नंदग्राम गौशाला के सौदर्यीकरण के काम का उदघाटन किया। हॉट सिटी में वर्टिकल पार्किंग व बस पोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं जल्द ही देखने को मिल सकती हैं। केन्द्रीय राज्यमंत्री परिवहन एवं राज्यमार्ग मंत्रालय व सासंद वीके सिंह ने प्राधिकरण व निगम को दोनों प्रोजेक्ट्स के लिए जगह चिन्हित करने को कहा है।
वह शनिवार को आरडीसी में जीडीए द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। जहां उन्होंने 10.89 करोड़ की तीन विकास कार्यों का लोकार्पण किया। सासंद वीके सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बेशक गाजियाबाद स्मार्ट सिटी परियोजना का हिस्सा ना बन सका हो। लेकिन हम अपने प्रयासों से खुद इसे स्मार्ट सिटी बना सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री व विधायक अतुल गर्ग ने भी जीडीए को आरडीसी व्हीकल फ्री जोन में ई-रिक्शा चलाने व पार्किंग की उचित व्यवस्था करने के सुझाव दिए। सांसद वीके सिंह ने 10 करोड़ 89 लाख की लागत के तीन प्रोजेक्ट का लोकार्पण किया। जिसमें 4 करोड़ 2 लाख की लागत से आरडीसी में तैयार व्हीकल फ्री जोन सबसे चर्चित प्रोजेक्ट था। इसमें राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर से गौर सेंट्रल मॉल तक 8 सौ मीटर की सडक़ को व्हीकल फ्री बनाया गया है। इसमें प्लांटर्स, फाउंटेन, बैठने के लिए बैंच, 10 क्योस्क व फैंसी लाइटिंग लगाई गई है। इसके अलावा इंदिरापुरम में 50 लाख की लागत से दिव्यांग पार्क बनाया गया है। जिसमें 2 मीटर चौड़ापाथ, 1.2 मीटर उंची वॉल ऑफ फेम, ओपन जिम, प्लेईंग एरिया व लाईब्रेरी का निर्माण किया गया है। वहीं राजनगर एक्सटेंशन के नंदी पार्क में 6 करोड़ 6 लाख की लागत से गौशाला का भी लोकार्पण सासंद वीके सिंह ने किया। जिसमें सौ गौवशों को रखने के लिए 11 शेड, नालियों का निर्माण, पशु चिकित्सालय, भूसा गोदाम आदि बनाया गया है।
कार्यक्रम में आरडीसी को व्हीकल फ्री जोन बनाने की सभी ने सराहना की। साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा ने इंदिरापुरम में भी ऐसे ही व्हीकल फ्री जोन बनाने की बात कही। इसके अलावा जीडीए वीसी कंचन वर्मा ने जानकारी दी कि मधुबन बापूधाम योजना में हर पार्क में दिव्यागों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा उन्होंने जल्द ही आरडीसी की तर्ज पर मधुबन डिस्ट्रिक्ट सेंटर तैयार करने की बात कही। जो शुरू से ही व्हीकल फ्री जोन होगा। निराश्रित नंदिओं को रखने और उनकी देखभाल की व्यवस्था होगी। नंदी पार्क में आवाजाही के लिए मार्ग भी बनाया गया है। जिससे बारिश के दिनों में रखरखाव में लगे कर्मचारियों को कोई परेशानी पेश न आए। नंदी पार्क में व्यवस्थाओं की देखरेख के लिए एक प्रशासनिक भवन का निर्माण भी किया गया है। इंदिरापुरम के रानी अवंतीबाई पार्क में 50 लाख की लागत से शहर का पहला दिव्यांग पार्क तैयार हो गया है। दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने का उद्देश्य से पार्क में उनके खेलने, घूमने के साथ-साथ पढ़ाई की भी विशेष व्यवस्था की गई है। खासकर विज्ञान सहित अन्य विषयों से जुड़ी सामग्री को पार्क में जगह दी जाएगी। पार्क को विकसित करने का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्य धारा से जोड़कर उनके आत्मविश्वास में वृद्धि करना है। दिव्यांग पार्कों में नेत्रहीनों के लिए विशेष टाइल्स का परिक्रमा पथ विकसित करने के साथ व्हीलचेयर पर चलने वालों के लिए विशेष परिक्रमा पथ बनाया गया है। दिव्यांग पार्कों में नेत्रहीनों के लिए विशेष टाइल्स का परिक्रमा पथ विकसित करने के साथ व्हीलचेयर पर चलने वालों के लिए विशेष परिक्रमा पथ बनाया गया है। दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष झूले और ओपन जिम में एक्यूप्रेशर वाले विशेष परिक्रमा पथ व विभिन्न चीजों को छूकर अनुभव करने की सुविधा दी गई है। पार्क में ब्रेललिपि वाले बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे पार्क में आने वाले दिव्यांग उन पौधों को छूकर पहचान सकें। इस दौरान कार्यक्रम में महापौर आशा शर्मा, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, डीएम डॉक्टर अजय शंकर पांडे, म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर, लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, जीडीए सचिव संतोष कुमार राय, जीडीए के चीफ इंजीनियर वीएन सिंह, नगर निगम के चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन, नंदी पार्क गौशाला प्रभारी मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ अनुज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
















