-भारतीय लोकतंत्र रक्षक सेनानी समिति ने भारत रत्न लोकनायक जेपी की जयंती धूमधाम से मनाई
उदय भूमि ब्यूरो
बरेली। भारत रत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर भारतीय लोकतंत्र रक्षक सेनानी समिति में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया। जिसकी अध्यक्षता राजेंद्र बहादुर चौधरी ने की। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संगठन वीरेंद्र कुमार अटल ने कहा कि देश की आजादी के बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ 1973 74 मैं देश की छात्र और युवा शक्ति को संघर्ष के लिए एकजुट करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने निभाई थी। कहा कि लोकनायक जयप्रकाश देश में अव्यवस्था को समाप्त कर देश में एक अच्छी व्यवस्था लागू करने के इच्छुक थे। जयप्रकाश जीवन भर सत्ता से दूर रहकर समाज की सेवा करने में विश्वास रखते थे। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकनायक के नेतृत्व में छेड़े गए संघर्ष के परिणाम स्वरुप ही तत्कालीन प्रधानमंत्री ने 25-26 जून 1975 को आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या कर दी थी। अटल ने कहा कि वर्तमान युवा पीढ़ी को आपातकाल के इतिहास से परिचित कराने की जिम्मेदारी लोकतंत्र सेनानियों को निभाने की जरूरत है। इस मौके पर विनोद कुमार गुप्ता ने कहा कि हम सबको मिलकर देश के लिए शहीद हुए क्रांतिकारियों को याद कर युवा पीढ़ी को रूबरू कराना चाहिए। सुरेश बाबू मिश्रा ने कहा कि इमरजेंसी की यातना के इतिहास से युवा पीढ़ी को अवगत कराना चाहिए। इस मौके पर वेद प्रकाश वर्मा, सुरेंद्र अग्रवाल, धीरेंद्र वीर सिंह, सुमंत महेश्वरी, राजेंद्र पाल सिंह, शिशुपाल सिंह, सतीश शर्मा, महेश चंद्र सक्सेना ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन वेद प्रकाश वर्मा ने किया।
फोटो न: 4
















