अंडरपास की मांग को लेकर आज महा पंचायत होगी

जनहित की अनदेखी के विरोध में भाकियू बाईपास का निर्माण रोकेगी

पुलिस-प्रशासन ने निगरानी बढ़ाई

उदय भूमि ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर।
अंडरपास की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में जनहित की अनदेखी होने के विरोध में भाकियू आज महापंचायत का आयोजन कर बाईपास का निर्माण रोकेगी, जिसको लेकर पुलिस-प्रशासन ने सतर्कता के साथ निगरानी भी बढ़ा दी है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव वैठ के पास से होकर बनाए जा रहे दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे के बाईपास में सिखैड़ा के ग्रामीण अपने गांव से तीन किलोमीटर दूरी पर अंडरपास दिए जाने के विरोध में आंदोलन कर रहे है, जिन्होंने किसान संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहे बेमियादी धरने में शामिल होकर रविवार को 23 वें दिन भी विरोध जताया। ग्रामीणों की मांग को पूरी तरह वाजिब बताकर धरने में सहयोग कर रही भाकियू भानु ने 12 अक्तूबर(आज) को बाईपास का निर्माण कार्य रोकने की घोषणा की हुई है, जिसमें भीड़ जुटाने को संगठन के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आसपास के कई गांवों में जनसंपर्क किया। जिलाध्यक्ष पवन हूण ने कहा कि सिखैड़ा के पास अंडरपास दिलाए जाने की मांग को लेकर बेमियादी धरने पर बैठे ग्रामीणों की जायज आवाज को दबाना किसी भी सूरत में संभव नहीं है, क्योंकि भाकियू भानु का संगठन पूरी मजबूती के साथ उनके पक्ष में डटा हुआ है। किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सुबीश त्यागी और जिला संरक्षक अजय त्यागी ने कहा कि अगर ग्रामीणों की मांग पूरी नहीं हो पाई, तो विरोध में भाकियू द्वारा सोमवार शांतिपूर्ण ढंग में बाईपास का निर्माण कार्य रोकते हुए बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रधान मंसूर ने भाकियू भानु का आभार जताते हुए आंदोलन में मिल रहे सहयोग को जमकर सराहा। वहीं भाकियू द्वारा बाईपास के निर्माण कार्य को रोके जाने की घोषणा को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सतर्कता के साथ ही निगरानी भी बढ़ा दी है। सीओ पवन कुमार का कहना है कि अगर आंदोलन के दौरान कोई भी उपद्रव अथवा तोडफ़ोड़ करने का प्रयास हुआ तो पुलिस स्तर से शरारती तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।