-हापुड प्राथमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों को किया सम्मन्नित
गाजियाबाद/हापुड़। बीते वर्षों में शिक्षण क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने, बच्चों में पढ़ाई के प्रति ललक पैदा करने और कोरोना काल में ऑनलाइन क्लास के संचालन में शिक्षकों का योगदान बहुत ही महत्वपूर्ण रहा है। स्कूली बच्चों का भविष्य गढऩे के साथ-साथ उन्हें सामाजिक सरोकार से जोडऩे के लिए पूरी निष्ठा और लगन के साथ जुटे रहने वाले शिक्षकों का सम्मान वास्तव में शिक्षा के प्रति उनके समर्पण का सम्मान है।
यह बातें हापुड़ में प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षकों को संबोधित करते हुए अटेवा पेंशन बचाओ मंच गाजियाबाद के जिलाध्यक्ष एवं बीआरसी लोनी के एआरपी (गणित) मनीष शर्मा ने कहीं। उन्होंने कहा कोरोनाकाल में भी जिले के शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं की पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए पूरे लगन से कार्य किया है। बच्चों के साथ शिक्षक पूरी मेहनत कर रहे है।
इस दौरान हापुड प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा मनीष शर्मा समेत कोरोना काल में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले शिक्षकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मन्नित किया गया। अटेवा मंच के जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप चौहान ने कहा शिक्षक समाज का वह व्यक्ति है जो हमेशा अच्छाईयों का पौधा तैयार करने में अपना योगदान देता है। ऐसे में इस सम्मान को बचाए रखने के लिए सभी शिक्षकों को भी अपने दायित्वों का उचित तरीके से निर्वाह करना होगा। इस दौरान देवेन्द्र सिसौदिया, सुधीर त्यागी, संतोष कु.पाल, हेमन्त कुमार, अनिल शर्मा आदि शिक्षक मौजूद रहे।
















