जनभागीदारी से नगर निगम बढ़ाएगा स्वच्छता सर्वेक्षण में नंबर

– स्वच्छ शहर के लिए सरकारी प्रयास के साथ जनभागीदारी भी जरूरी: म्युनिसिपल कमिश्रर
– सार्वजनिक स्थानों का म्युनिसिपल कमिश्रर ने किया निरीक्षण
– गौतमबुद्ध पार्क के सौंदर्यीकरण  का दिया निर्देश

गाजियाबाद। स्वच्छता से तन साफ होता है और मन शुद्ध। जहां स्वच्छता होती है वहां लक्ष्मी का वास होता है। इसलिए सफाई जरूरी है। सफाई केवल मन व वाणी की नहीं बल्कि घर से लेकर बाहर तक सफाई होनी चाहिये। यह तभी संभव है जब सरकारी प्रयास के साथ जन भागीदारी सुनिश्चित होगी। यह बातें गुरूवार को म्युनिसिपल कमिश्रर महेंन्द्र सिंह तंवर ने सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण करते हुए कही। उन्होने कहा गाजियाबाद उत्तर प्रदेश का प्रवेश द्वार है, इसकी छवि पूरे प्रदेश को प्रभावित करती है। हमें संकल्प लेना चाहिए कि स्वच्छ सर्वेक्षण में हम देश में नंबर 1 स्थान हासिल करें। इसमें सभी नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। शहर को स्वच्छ बनाने की जितनी जिम्मेदारी नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों की है, उतनी ही आम लोगों की भी है। जनभागीदारी से ही शहर साफ होगा।
गुरूवार को म्युनिसिपल कमिश्रर महेंन्द्र सिंह तंवर ने एसबीएम के नोडल अधिकारी अरुण कुमार मिश्रा ,नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश, निर्माण विभाग से देशराज, सिटी जोन के प्रभारी सुधीर शर्मा व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी,अवर अभियंता की मौजूदगी में रेलवे स्टेशन, घंटाघर चौक, कालागढ़ी चौक का निरीक्षण करते हुए गौतमबुद्ध पार्क के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिये। जनचौपाल के बाद म्युनिसिपल कमिश्रर रोस्टर के मुताबिक सभी जोन का निरीक्षण करने में जटे हुए है। सिटी जोन के सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण किया गया। सबसे पहले म्युनिसिपल कमिश्रर पुराने बस अड्डे पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने चौराहे पर लगे अवैध पोस्टर होर्डिग हटा दिए। यही नहीं जिन लोगों के पोस्टर और होर्डिग लगे थे उनपर जुर्माना भी लगाया गया। इसके बार म्युनिसिपल कमिश्रर अपनी टीम के साथ गौतमबुद्ध पार्क पहुंचे। यहां की व्यवस्था ठीक न होने पर उन्होंने उद्यान विभाग से पार्क का सौंदर्यीकरण कराने का निर्देश दिया। कालका गढ़ी चौक पर साफ सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने यहां पर शौचालय की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। इसके बाद म्युनिसिपल कमिश्रर रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां पर साफ सफाई व्यवस्था करने के साथ यहां से धूल मुक्त करने का अभियान चलाया गया। घंटाघर चौराहे का निरीक्षण करने के बाद वह कंपनी बाग स्थित लाइब्रेरी पहुंचे। यहां पर उन्होंने लाइब्रेरी की साफ सफाई के साथ उसका जीर्णोद्धर करने का आदेश दिया। म्युनिसिपल कमिश्रर ने अधिकारियों को निर्देश दिए की जल्द ही निरीक्षण के दौरान मिली खामियों को खत्म कर लिया जाए, जल्द दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। पुन: खामियां मिलने पर संबधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्र्रवाई की जाएगी।