गाजियाबाद। विजयनगर जोन में दो दिन पूर्व तैनात सफाई नायक दीपक कुमार की मौत हो जाने के बाद गुरूवार को मेयर आशा शर्मा एवं म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने कर्मचारियों की मौजूदगी में मृतक की मां को 5 लाख रुपए का चेक सौंपा। दो दिन पूर्व नगर निगम विजयनगर जोन में कार्यरत दीपक की मौत हो गई थी। कर्मचारी के मौत के विरोध में बुधवार को निगम कार्यालय पर सफाई कर्मचारी संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों ने निगम मुख्यालय पर सफाई निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग, परिजनों को आर्थिक मदद एवं परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया था। गुरूवार को मेयर आशा शर्मा ने मृतक के परिजन को पांच लाख रूपए का चैक सौंपा। मेयर ने कहा कि मृतक सफाई कर्मचारी दीपक की मौत से नगर निगम परिवार उसके परिवार की हरसंभव मदद करेगा। किसी भी कर्मचारी को कोर्ई परेशानी नही होने दी जाएगी। किसी भी विपदा पर नगर निगम उनके साथ हमेश खड़ा रहेगा। इस दौरान एसबीएम के नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा, स्वास्थ्य अधिकारी डा. मिथिलेश सिंह एवं उद्यान निरीक्षक अजय हरित,पार्षद प्रदीप चौहान उपस्थित थे।















