डीएम ने संभाला जिला पंचायत के प्रशासक का पदभार

गाजियाबाद। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो जाने के बाद गुरूवार को कविनगर स्थित जिला पंचायत कार्यालय में जिलाधिकारी डॉ. अजय शंकर पांडेय ने प्रशासक के रूप में कार्यभार संभाला। प्रदेश शासन के आदेश पर प्रशासक का पदभार ग्रहण किया। जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत अधिनियम-1961 के प्रावधानों के तहत कार्यकाल समाप्त होने के बाद अब नए जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्य चुने जाने तक जिलाधिकारी ही प्रशासक के रूप में रहेंगे। बता दें कि जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्यों समेत बोर्ड का 14 जनवरी-2016 से 13 जनवरी-2021 तक निर्धारित था। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद डीएम ने प्रशासक का पदभार ग्रहण कर लिया। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी योगेश कुमार समेत अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करें। कार्यालय में कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना तत्काल प्रभाव से की जाए। जिला पंचायत कार्यालय परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। वहीं, पंचायत विभाग में आय के स्रोत कैसे बढ़ाए जाए। इस पर अपर मुख्य अधिकारी योगेश कुमार को निर्देशित किया। डीएम ने प्रशासक का पदभार ग्रहण करने के दौरान लंबित कार्यों से संबंधित सभी फाइलों को तलब किया है। ताकि इनका निस्तारण जल्द किया जा सकें।