विधान परिषद चुनाव : सपा प्रत्याशियों का नामांकन

अहमद हसन और राजेंद्र चौधरी ने दाखिल किया पर्चा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। सबसे पहले प्रत्याशियों की घोषणा करने के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) ने नामांकन करने में भी तेजी दिखाई है। सपा उम्मीदवार अहमद हसन और राजेंद्र चौधरी ने शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मौजूद रहे। उप्र विधान परिषद की 12 सीटों के लिए 28 जनवरी को मतदान होना है। इसी क्रम में सपा उम्मीदवार अहमद हसन और राजेंद्र चौधरी ने नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। चुनाव अधिकारी बी.बी. दुबे के मुताबिक हसन और चौधरी ने शुक्रवार की दोपहर अपना पर्चा दाखिल किया। इस मौके पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, विधान सभा में विपक्ष के नेता राम गोविंद चौधरी, प्रदेशाध्यक्ष नरेश उत्तम सहित कई नेता मौजूद रहे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार 11 जनवरी से नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। यह 18 जनवरी तक चलेगी। 19 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 21 जनवरी को नाम वापस लिए जा सकेंगे। 28 जनवरी को मतदान होगा। मतदान के बाद शाम 5 बजे से मतगणना कराकर नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। बता दें कि विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा ने 4 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व आईएएस अरविंद शर्मा और काशी क्षेत्र के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य को मैदान में उतारा है। अरविंद शर्मा ने ठीक एक दिन पहले भाजपा ज्वाइन की थी। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी हैं। विधान परिषद की 12 में से 10 सीटों पर भाजपा की जीत तय मानी जा रही है। 2 सीट के लिए सपा-बसपा के बीच कांटे की टक्कर होने की संभावना है। विधान परिषद के उम्मीदवार बनाए गए अरविंद शर्मा ने गुरुवार को भाजपा का दामन थामा था।