इमरान खान पर बरसे नवाज शरीफ, बताया क्रिमिनल

विदेशी फंडिंग केस में प्रधानमंत्री को घेरने का प्रयास

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के बीच की अदावत दूर नहीं हो सकी है। दोनों अक्सर एक-दूसरे पर वार-पलटवार करते रहते हैं। इसी क्रम में पाकिस्तान मुस्लिम लीग (एन) के अध्यक्ष एवं पूर्व पीएम नवाज शरीफ ने अब प्रधानमंत्री इमरान खान को क्रिमिनल बताया है। शरीफ ने पीटीआई विदेशी फंडिंग केस में इमरान द्वारा अपने 2 एजेंट पर दोष मढ़ऩे पर उन्हें क्रिमिनल कहा है। नवाज शरीफ ने कहा है कि इतने साक्ष्य मिलने के बावजूद पाकिस्तान चुनाव आयोग इस प्रकरण में कोई कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने वीडियो संदेश में इसका उल्लेख कर यह सवाल उठाया है कि पाकिस्तान चुनाव आयोग की लापरवाही के खिलाफ देश विरोध कर रहा है, जो वह अपने संवैधानिक कर्तव्यों को पूरा करने में दिखा रहा है। नवाज शरीफ ने कहा है कि इमरान खान ईमानदारी का पदक पहन कर ईमानदारी के नारे लगाकर अपनी प्रशंसा कर यह कहते नहीं थकते कि जवाबदेही उनसे शुरू होनी चाहिए, मगर अब वही इमरान न्याय के मार्ग में सबसे बड़ी समस्या बन गए हैं। पूर्व पीएम शरीफ ने इमरान खान पर जांच में देरी के लिए मुश्किलें पैदा करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ईसीपी ने मार्च 2018 में छानबीन हेतु समिति का गठन किया था। एक माह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था, मगर लगभग ढाई साल बाद भी कोई रिपोर्ट प्रकाश में नहीं आई है। उन्होंने कहा कि इमरान खान ने यह खुद स्वीकारा है कि जब विदेशी फंडिंग की बात आती है तो चीजें गड़बड़ा जाती हैं, मगर उन्होंने इस गड़बड़ की जिम्मेदारी अपने एजेंटों पर डाल दी। बता दें कि नवाज शरीफ की पार्टी लंबे समय से इमरान खान के खिलाफ आंदोलनरत है। इमरान खान और नवाज शरीफ आए दिन जुबानी जंग में उलझे नजर आते हैं।