श्रीनगर से दिल्ली तक ठंड और कोहरे की मार

मौसम विभाग से भी नहीं मिली राहत भरी खबर

नई दिल्ली। समूचे उत्तर भारत में घने कोहरे और हाड़ कंपाती ठंड का प्रकोप जारी है। रविवार को शीतलहर चलने से सामान्य जनजीवन ठिठुरता रहा। तापमान में गिरावट आने से हालात और खराब हो गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि सर्दी के सितम से अगले कुछ दिनों तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। यानी ठंड की प्रचंड मार अभी झेलनी पड़ेगी। सर्दी से बचने के लिए नागरिक अलाव की शरण में पहुंच गए हैं। ठंड ने बेजुवान पशु-पक्षियों को भी बेहाल कर रखा है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार की सुबह दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार, असम और मेघालय कोहरे की चादर में लिपटे रहे। कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम रही। ऐसे में घरों से बाहर निकलने नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उत्तर भारत के राज्यों में अभी ठंड से राहत के कोई आसार नहीं हैं। कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों में शनिवार को न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई, जिससे घाटी में सर्दी का प्रकोप और बढ़ गया है। नतीजन प्रसिद्ध डल झील के साथ-साथ कई क्षेत्रों में पानी के स्त्रोत जम गए हैं। श्रीनगर सहित घाटी के कई क्षेत्रों में शनिवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घट गई। मौसम विभाग ने बताया कि गत रात न्यूनतम तापमान में और कमी एवं उसके शून्य से भी कई डिग्री सेल्सियस नीचे चले जाने से शीतलहर का प्रकोप और बढ़ गया है। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। जबकि पिछली रात न्यूनतम तापमान शून्य से 7.6 नीचे दर्ज किया गया था। शुक्रवार की रात श्रीनगर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री से ज्यादा नीचे चला गया। श्रीनगर में वीरवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 8.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया था। फिलहाल ठंड का प्रकोप जारी रहेगा।