हैवान बना दामाद, सास-ससुर की हत्या की

बिजनौर में डबल मर्डर से सनसनी, रिपोर्ट दर्ज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में सनसनीखेज वारदात प्रकाश में आई है। पत्नी को ससुराल नहीं भेजने से नाराज दामाद ने सास-सुसर की चाकू मारकर हत्या कर दी। डबल मर्डर से एकाएक सनसनी फैल गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश चल रही है। यह घटना जनपद बिजनौर में स्योहारा थानांतर्गत गांव चक महमूद साहनी की है। पुलिस के मुताबिक चक महमूद साहनी गांव निवासी अब्दुल मालिक अपनी पत्नी वकीला व दामाद फहीमुद्दीन के साथ शनिवार की रात घर में सो रहे थे। बेटी अंजुम भीतर के कमरे में थी। जनपद मुजफ्फरनगर के जानसठ थाने के भनेड़ी गांव निवासी दूसरा दामाद रिजवान देर रात घर में घुस गया। आरोप है कि रिजवान ने ससुर अब्दुल मालिक, सास वकीला व फहीमुद्दीन पर छुरी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अब्दुल मालिक की मौके पर मौत हो गई। घायल वकीला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। फहीमुद्दीन का सीएचसी में उपचार चल रहा है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रारंभिक छानबीन के बाद दंपति के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फरार आरोपी रिजवान की तलाश की जा रही है। उधर, एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि अब्दुल मलिक व उसके दामाद रिजवान का किसी बात पर पारिवारिक विवाद चला आ रहा था। इस विवाद पर शनिवार की रात रिजवान ने वृद्ध सास-ससुर पर हमला कर दिया था। घटना में वृद्ध दंपति की मौत हो गई है। जबकि आरोपी का बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गया। लिखित शिकायत मिलने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, चक महमूद साहनी गांव में इस घटना के बाद एकाएक सनसनी फैल गई है।