छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ : 3 नक्सली ढेर, 2 घायल

घातक हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षा बलों और नक्सलियों में मुठभेड़ हो गई। इस दरम्यान 3 नक्सली ढेर कर दिए गए। जबकि 2 के घायल होने की खबर मिली। उधर, आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आकर एक जवान भी जख्मी हो गया। जख्मी जवान को गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है। जवानों ने एक नक्सली का शव बरामद किया है। इसके अलावा भारी संख्या में बंदूक और विस्फोटक सामग्री भी मिली है। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों की सक्रियता निरंतर बढ़ रही है। सुरक्षा बलों और नक्सलियों में आए दिन भिड़ंत भी होती रहती है। तर्रेम थाना क्षेत्र से मंगलवार को सुरक्षा बल की टीम एंटी नक्सल ऑपरेशन पर निकली थी। इस दौरान पूर्वती के जंगल में कॉम्बिंग के समय जवानों पर नक्सलियों ने एकाएक हमला बोल दिया। ऐसे में जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई आरंभ कर दी। कुछ देर चली मुठभेड़ के बाद नक्सली वहां से भाग निकले। जवानों ने सर्चिंग के दौरान एक नक्सली का शव बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि 3 नक्सली मारे गए हैं। जबकि 2 बुरी तरह से जख्मी हैं। नक्सलियों से मुठभेड़ के समय आईईडी का धमाका होने से जवान जोगेश्वर पैकरा घायल हो गया। वह डीआरजी में सहायक आरक्षक के पद पर तैनात है। जोगेश्वर के दाएं पैर के घुटने में गंभीर चोट आई है। जोगेश्वर का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बासागुड़ा में उपचार कर बीजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां से एयर लिफ्ट कर रायपुर भेजा जाएगा। जवानों ने मौके से एक नक्सली का शव के साथ 12 बोर की बंदूक, नक्सली वर्दी, विद्युत तार व दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंगलवार की सुबह से जनपद के विभिन्न हिस्सों में दिनभर रूक-रूक कर नक्सलियों से मुठभेड़ हुई है। पिछले कुछ समय में पुलिस ने कई इनामी नक्सलियों को ढेर करने में कामयाबी पाई है।