उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर निगम के स्वास्थ विभाग के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से योगदान देकर सड़क दुर्घटना में घायल सफाई नायक के इलाज के लिए आर्थिक मदद की। डयूटी के दौरान सफाई नायक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। पूरे पैसे जमा नहीं होने के कारण अस्पताल उसे डिस्चार्ज नहीं कर रहा था। मामले की जानकारी होने पर सफाई कर्मचारी संगठन के नेता एवं पदाधिकारी नगर स्वास्थ अधिकारी के पास पहुंचे और मदद की अपील की। ऐसे मामलों में कर्मचारियों की मदद के लिए नगर निगम के पास कोई फंड नहीं है। समस्या को देखते हुए नगर स्वास्थ अधिकारी डॉ. मिथलेश ने पहल की और अपने पॉकेट से 5 हजार रुपये दिये। इसके बाद स्वास्थ विभाग के अन्य कर्मचारियों ने भी मदद की। सभी ने 20 हजार रुपये एकत्रित किये और फिर उसे मदद के रूप में दिया।
कार्यवाहक सफाई नायक निशांत की ड्यूटी वार्ड नंबर-37 में है। रविवार सुबह वह ड्यूटी पर जा रहा था। एमएमजी हॉस्पिटल के पास तेज गति से आ रही एक कार ने उसे टक्कर मार दी और भाग गया। दुर्घटना में निशांत गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घर की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण इलाज के लिए परिजनों को कर्ज लेना पड़ा। फिर भी इलाज में पैसे कम पर गये। इलाज का पूरा पैसा जमा नहीं होने के कारण अस्पताल से उसे डिस्चार्ज नहीं किया जा रहा था। परिजनों ने अखिल भारतीय बाल्मिकी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा पार्षद प्रदीप चौहान को परिस्थिति से अवगत कराया। जिसके बाद सफाई कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के राजेश चौहान, प्रवीण चौहान, शक्ति जीनवाल, राजेश बाल्मिकी के साथ प्रदीप चौहान नगर स्वास्थ अधिकारी से मिले और मामले से अवगत कराकर मदद की अपील की। प्रदीप चौहान ने कहा कि ऐसे मामलों में पीडि़त की मदद के लिए अलग से फंड होना चाहिये। नगरायुक्त से इस मामले में बात की जाएगी। जिससे कि भविष्य में कर्मचारियों की मदद हो सके।
















