गृह मंत्री शाह ने घायल जवानों से मुलाकात की

सिंघु बॉर्डर पर वाहनों की आवाजाही पर पाबंदी

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को ट्रॉमा सेंटर सिविल लाइंस और तीरथ राम हॉस्पिटल में पहुंचे। उन्होंने वहां भर्ती दिल्ली पुलिस के घायल जवानों से मुलाकात की। जवानों के स्वास्थ का हाल-चाल पूछा गया। बाद में गृह मंत्री ने डॉक्टरों को घायल पुलिस कर्मियों का समुचित इलाज करने के निर्देश दिए। गृह मंत्री अमित शाह को अपने बीच पाकर पुलिस कर्मियों को मानसिक तंदुरूस्ती भी मिली। मालूम हो कि गत 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर रैली के दौरान हिंसा में 300 से अधिक पुलिस कर्मी घायल हो गए थे। बाद में दिल्ली पुलिस ने 25 एफआईआर दर्ज की। एफआईआर में केंद्र सरकार के साथ बातचीत करने आए किसान नेताओं के नाम भी शामिल हैं। किसान नेता जगजीत सिंह दलेवाल, बलबीर सिंह राजेवाल, दर्शन पाल सिंह, राकेश टिकैत, कुलवंत सिंह संधू और योगेंद्र यादव के विरूद्ध भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसके अलावा बूटा सिंह, निर्भय सिंह, रुलदू सिंह मनसा और इंद्रजीत सिंह आदि को भी नामजद किया गया है। पंजाबी फिल्म अभिनेता दीप सिद्धू और गैंगस्टर से नेता बने लखबीर सिंह सदाना उर्फ लक्खा सदाना पर भी कानूनी शिकंजा कस गया है। उधर, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से सिंघु बॉर्डर पर वाहनों के जाने पर रोक लगा दी है। पुलिस ने लंगर के वाहनों पर भी पाबंदी लगाई है। अब धरनास्थल तक मीडिया और पुलिस के अलावा कोई भी वाहन नहीं जा सकेगा। वहीं, पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू ने फेसबुक पर वीडियो शेयर कर खुद पर लगे आरोपों पर जबाव दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें जान-बूझकर निशाने पर लिया जा रहा है। किसान संगठनों का आरोप है कि दीप सिद्धू ने किसानों को भड़का कर लाल किले तक जाने के लिए उकसाया। दिल्ली हिंसा के बाद पुलिस सख्त कदम उठा रही है। जल्द कुछ किसान नेताओं की गिरफ्तारी भी संभव है।